दिलीप बिश्वास पलासी (अररिया)। पलासी थाना क्षेत्र के फरसाडांगी गांव में जमीन विवाद को लेकर मारपीट, गाली-गलौज, महिला के कपड़े फाड़ने तथा सोने के आभूषण छीनने का आरोप लगाते हुए एक व्यक्ति ने पलासी थाना में आवेदन दिया है। पीड़ित ने मामले में नामजद लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, फरसाडांगी वार्ड संख्या-05 निवासी अब्दुल अजीज (37) ने बताया कि मियांपुर मौजा में स्थित अपनी जमीन की नापी उन्होंने 15 सितंबर 2026 को कराई थी। नापी को लेकर कुछ लोगों से उनका विवाद चल रहा था। आरोप है कि 19 सितंबर की सुबह करीब 8:10 बजे वह अपनी जमीन पर बांस आदि लगा रहे थे। इसी दौरान हबीब, तैमून, बीबी कौशी, बीबी नाहिदा समेत अन्य लोग लाठी और लोहे की रॉड लेकर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे।
आवेदन में कहा गया है कि गाली देने से मना करने पर आरोपितों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर आसपास के लोग बचाने पहुंचे तो उनके साथ भी कथित तौर पर मारपीट की गई। इसी दौरान पीड़ित की पत्नी के साथ भी अभद्र व्यवहार करने तथा उसके कपड़े फाड़ने का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित ने तैमून पर गले से चांदी का हार और हबीब पर कान से सोने की बाली छीनने का आरोप लगाया है। साथ हीं हथियार दिखाकर जमीन पर दोबारा आने पर जान से मारने की धमकी देने की बात कही गई है।
उन्होंने ने बताया कि पंचायत स्तर पर मामले को सुलझाने का प्रयास किया जा रहा था, जिसके कारण थाना में आवेदन देने में विलंब हुआ। उन्होंने पलासी थाना पुलिस से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार बताया कि मामला दर्ज कर अनुसंधान की जा रही है ।