दिलीप बिश्वास पलासी (अररिया)। पलासी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 52 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से एक बजाज पल्सर मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया है। मामले में तीन नामजद आरोपियों समेत बाइक मालिक के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
20 सितंबर 2026 को करीब 11:10 बजे सूचना मिली कि पलासी थाना क्षेत्र के बढ़ौली निवासी अनिल यादव द्वारा जोकीहाट के किसी व्यक्ति को स्मैक की डिलीवरी की जानी है। सूचना के आधार पर सनहा दर्ज कर वरीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई तथा छापेमारी टीम गठित की गई।
टीम ने बढ़ौली से भटनिया की ओर जाने वाली पक्की सड़क पर पुल के पास घेराबंदी कर मोटरसाइकिल का इंतजार किया।
करीब 1:15 बजे एक मोटरसाइकिल सवार युवक वहां पहुंचा। पुलिस को देखकर वह मोटरसाइकिल घुमाकर भागने लगा, जिसे जवानों ने पीछा कर पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम मो. शहनवाज (25), पिता मो. नैय्यर, निवासी मेलागंज हरदार वार्ड संख्या-2, थाना जोकीहाट बताया।
दंडाधिकारी की मौजूदगी में तलाशी लेने पर युवक के पैंट की बायीं जेब में रखे एक डिब्बे से पन्नी के पाउच में रखा स्मैक जैसा पदार्थ बरामद हुआ। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर उसका कुल वजन 52 ग्राम पाया गया। इसके अलावा उसके पास से गैलेक्सी एम-15 मोबाइल फोन और बजाज पल्सर मोटरसाइकिल नंबर BR-38AF-7906 बरामद की गई।
पूछताछ में शहनवाज ने बताया कि उसे जोकीहाट के छोटू कुमार ने अनिल यादव के यहां से सामान लाने के लिए भेजा था। बरामद सामान को विधिवत जब्त कर सीलबंद किया गया तथा पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई गई।
थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार के निर्देश पर मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(B)(II)(c)/22(c) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान की जा रही है। पुलिस ने गिरफ्तार युवक को न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया है है। मामले में अनिल कुमार यादव, छोटू कुमार, मो. शहनवाज तथा मोटरसाइकिल के स्वामी की भूमिका की जांच की जा रही है।