दीघली पंचायत में छापेमारी कर पुलिस ने तजमुल को किया गिरफतार,प्राथमिकी दर्ज
दिलीप बिश्वास पलासी,(अररिया)। पलासी थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दिघली पंचायत के चरेमना वार्ड संख्या-1 में छापेमारी कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान तजमुल (35), पिता मो. हातिम, निवासी चरेमना वार्ड संख्या-1, थाना पलासी, जिला अररिया के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से 111 ग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ बरामद किया है।
पलासी थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम 31 अक्टूबर की रात छापेमारी कर लौट रही थी। इसी दौरान एक नवंबर की सुबह करीब 3:30 बजे दिघली पंचायत से गुप्त सूचना मिली कि चरेमना वार्ड संख्या-1 निवासी राजाबुल उर्फ ठोकना और तजमुल के घर से स्मैक की बिक्री की जाती है। सूचना मिली थी कि दोनों के घर से स्मैक निकालकर एक व्यक्ति को दिया गया था।
थानाध्यक्ष ने वरीय पुलिस अधिकारियों को सूचना दी। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम सुबह करीब 4:05 बजे कनखुदिया पहुंची और संदिग्ध घरों की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान घर के पीछे सीमेंट के चबूतरे के पास खड़ी मोटरसाइकिल के समीप काले पॉलिथीन में गुलाबी और उजले रंग के साबुनदानी जैसे डिब्बे में प्लास्टिक की पुड़िया मिली। जांच के दौरान उसमें स्मैक जैसा पदार्थ पाया गया। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर उसका कुल वजन 111 ग्राम पाया गया। पुलिस ने बरामद पदार्थ की वीडियोग्राफी कराते हुए उसे जब्त कर लिया। जब्ती सूची स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तैयार की गई। इसके बाद तजमुल को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की है।
छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार के साथ पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार यादव, श्यामा सिंह, मनीष कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस मामले में इस धन्धे में शामिल मास्टरमाइंड की तलाश कर रही है।