दिलीप बिश्वास पलासी अररिया,बुधवार को बरदबट्टा पंचायत भवन में पलासी प्रखंड के सभी पैक्स अध्यक्षों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बरदबट्टा पैक्स अध्यक्ष संतोष मंडल ने की। मुख्य अतिथि के रुप में सेंट्रल को- ऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष पूर्णियां अली रेजा उपस्थित रहे। बैठक में बकाया भुगतान, अनुदान में वृद्धि समेत अन्य मांगों को लेकर चर्चा की गई। पैक्स अध्यक्षों ने एक सुर से कहा कि राज्य खाद्य निगम द्वारा समय पर समितियों को भुगतान नहीं किए जाने के कारण अधिकांश पैक्स डिफॉल्ट हो जाते हैं। प्रायः अध्यक्षों पर भारी आर्थिक बोझ आ पड़ा है। कहा कि संबन्धित सहकारी बैंक और एसएफसी के बीच त्रिपक्षीय समझौता लागू किया जाए। वर्तमान समय में चावल सीधे एसएफसी में जमा होता है लेकिन एसएफसी द्वारा एग्रीमेंट नहीं होने के कारण समय पर भुगतान नहीं होता है फलस्वरूप समितियों पर अतिरिक्त ब्याज का भार बढ़ता है। पैक्स अध्यक्षों ने कहा कि यदि प्रशासन द्वारा इन मांगों का समय रहते समाधान नहीं किया गया तो पैक्स के सभी पैक्स धान अधिप्राप्ति का कार्य प्रारंभ नहीं कर पाएंगे। इससे सरकार की महत्वाकांक्षी धान खरीद योजना बाधित हो सकती है। पैक्स अध्यक्षों ने कहा कि वर्ष 2025-26 के तहत अभी भी सीएमआर शेष है और आपूर्ति हो चुके सीएमआर की राशि बकाया है। बैठक में बकाया राशि का भुगतान सुनिश्चित करने, समितियों को हो रहे नुकसान को देखते हुए प्रबंधकीय अनुदान को वर्तमान 20-30 रूपये प्रति क्विंटल से बढ़ा कर 60 रूपये प्रतिक्विंटल किया जाए। बैठक में पलासी प्रखंड पैक्स अध्यक्ष हजारी प्रसाद मंडल, व्यापार मंडल अध्यक्ष सदानंद यादव, नवाजिश, गयानंद विश्वास, नवीन कुमार यादव, अशोक झा, मो नौशाद आलम, योगेन्द्र यादव, अजीत कपूर राही, प्रदीप यादव एवं अलाउद्दीन समेत सभी पैक्स अध्यक्ष उपस्थित थे।
