अररिया में नोएडा से गुवाहाटी जा रहा इलेक्ट्रॉनिक सामान से लदा एक कंटेनर ट्रक रहस्यमय परिस्थितियों में गायब होने के बाद बरामद कर लिया गया है। हालांकि कंटेनर मिलने पर उसमें रखा लाखों रुपये मूल्य का इलेक्ट्रॉनिक सामान गायब मिला। चालक और उपचालक भी लापता हैं, जिससे मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
अररिया | नोएडा से गुवाहाटी के लिए रवाना हुआ इलेक्ट्रॉनिक सामान से लदा कर्नाटक रजिस्ट्रेशन संख्या केए 02एजे 1157 का कंटेनर ट्रक अररिया में रहस्यमय तरीके से गायब हो गया। ट्रक की अंतिम लोकेशन शाम करीब 7 बजे एक टोल प्लाजा के पास मिली थी, जिसके बाद उसका संपर्क पूरी तरह टूट गया। मामला सामने आने के बाद ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक ने सीधे पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार से संपर्क कर कंटेनर की तलाश की मांग की।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ सुशील कुमार के नेतृत्व में नगर थाना पुलिस, एसआई ललित सिंह तथा क्यूआरटी टीम को शामिल करते हुए विशेष सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। लगातार खोजबीन के बाद कंटेनर को नगर थाना क्षेत्र में जेल परिसर के समीप बरामद कर लिया गया।
बरामद कंटेनर निकला खाली
पुलिस को उम्मीद थी कि कंटेनर के साथ उसमें लदा सामान भी सुरक्षित मिल जाएगा, लेकिन बरामदगी के बाद जो तथ्य सामने आए उसने जांच एजेंसियों को भी चौंका दिया। कंटेनर पूरी तरह खाली मिला और उसमें रखा लाखों रुपये मूल्य का इलेक्ट्रॉनिक सामान गायब था। इससे यह आशंका गहराने लगी है कि वारदात को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया हो सकता है।
चालक और उपचालक की तलाश जारी
मामले की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी चालक और उपचालक हैं, जो फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। दोनों के मोबाइल फोन स्विच ऑफ आ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि कंटेनर बरामद कर लिया गया है, लेकिन सामान और दोनों कर्मियों का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।
एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद त्वरित कार्रवाई की गई। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि यह संगठित चोरी का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य साजिश है। जल्द ही जांच पूरी कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।