बिहार के अररिया जिले के नरपतगंज थाना क्षेत्र के खेरा गढ़िया में एसटीएफ टीम पर हमले के मामले में पुलिस ने अब तक छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 11 अक्टूबर 2026 को स्मैक तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान हुई इस घटना में एक पुलिस अवर निरीक्षक और तीन जीसीओ घायल हो गए थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक देसी कट्टा और पांच खोखा भी बरामद किया है। मामले की जांच के लिए फारबिसगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई है।
अररिया। नरपतगंज थाना क्षेत्र के खेरा गढ़िया में एसटीएफ टीम पर हमले के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इस मामले में अब तक छह अभियुक्तों की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त मो. तनवीर की निशानदेही पर एक देसी कट्टा और पांच खोखा बरामद किया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 11 अक्टूबर 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम ने स्मैक तस्करों का पीछा किया था। इस दौरान दयानंद साह और अनिल साह को हिरासत में लिया गया। इसके बाद टीम अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और बरामदगी के उद्देश्य से खेरा गढ़िया पहुंची थी।
आरोप है कि इसी दौरान खेरा गढ़िया पंचायत के मुखिया पति मो. फारुख ने तस्करों के समर्थन में लोगों को एकत्रित किया और एसटीएफ टीम पर हमला कराया। घटना में एक पुलिस अवर निरीक्षक अमरजीत कुमार भारद्वाज और तीन जीसीओ घायल हो गए।
जख्मी पुलिस अवर निरीक्षक के फर्दबयान के आधार पर नरपतगंज थाना कांड संख्या 646/26, दिनांक 12 अक्टूबर 2026 को दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और शस्त्र अधिनियम की धारा 27 के तहत कार्रवाई की गई है। मामले में 29 नामजद और 20 से 25 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में दयानंद साह, राजकुमार साह, जुल्फिकार, मो. तनवीर, वसीम आलम और मो. सलमान उर्फ अफरोज शामिल हैं। पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए फारबिसगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की है।
पुलिस का कहना है कि मामले के अनुसंधान के साथ शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।