भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक “सेवा संकल्प अभियान” चलाया जाएगा। एक माह तक चलने वाले अभियान में सेवा गतिविधियों, जनभागीदारी, जागरूकता कार्यक्रमों और विकसित भारत@2047 के संकल्प से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अररिया में अभियान की तैयारियों को लेकर सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्यक्रमों की जानकारी दी।
अररिया। भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित “सेवा संकल्प अभियान” को लेकर अररिया में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। पार्टी के अनुसार, इसका उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के अवसर पर सेवा, सुशासन, जनभागीदारी और राष्ट्रनिर्माण से जुड़े कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर आयोजित करना है।
अररिया में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने अभियान की रूपरेखा की जानकारी दी। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा, नरपतगंज विधायक देवयंती यादव, जिला मीडिया प्रभारी सुमित कुमार सुमन, जिला महामंत्री आकाश राज, जिला प्रवक्ता राजू कुमार साह उर्फ बमबम सहित पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे। 
पार्टी के अनुसार 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है, जबकि 7 अक्टूबर 2001 को उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन में दायित्व संभाला था। 7 अक्टूबर 2026 को उनके सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर को अभियान से जोड़ा गया है।
अभियान के तहत बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर संपर्क किया जाएगा। “आशीर्वाद का दीप” कार्यक्रम के तहत दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में दो स्थानों पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है। इसके साथ विकसित भारत@2047 के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।
देश के सभी जिलों में विशाल मशाल जुलूस आयोजित करने की भी योजना है। अररिया जिले के विभिन्न मंडलों से कार्यकर्ता जिला मुख्यालय पहुंचकर मशाल जुलूस में शामिल होंगे। इसके अलावा पंचायत से लेकर संसद तक के जनप्रतिनिधियों और जनसेवकों का सम्मेलन आयोजित करने की तैयारी है, जिसमें करीब सवा लाख लोगों की सहभागिता की परिकल्पना की गई है।
विद्यालयों में 17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच “2047 का मेरा भारत” विषय पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं “आंगन का उत्सव” के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण, स्वास्थ्य और महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
“मेरे जीवन में बदलाव” कार्यक्रम के तहत किसानों, मजदूरों, व्यापारियों, बुजुर्गों और अन्य वर्गों से संपर्क कर सरकारी योजनाओं से जुड़े अनुभव सामने लाने की योजना है। “सेवा सेतु” के माध्यम से प्रखंड स्तर पर लोगों की समस्याएं सुनने और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के कार्यक्रम होंगे।
अभियान में “सेवा मेरा योगदान” के तहत रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जांच, योग, नशामुक्ति जागरूकता, जल संरक्षण, साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, महिला स्वास्थ्य, खेल गतिविधि, मतदाता जागरूकता और वोकल फॉर लोकल सहित 25 प्रकार की सेवा गतिविधियां आयोजित करने की बात कही गई है।
भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा ने कहा कि अभियान को प्रधानमंत्री के जन्मदिन तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि इसे सेवा और जनभागीदारी से जोड़ते हुए एक माह तक विभिन्न कार्यक्रमों के रूप में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने युवाओं, महिलाओं, किसानों, व्यापारियों और आम लोगों से अभियान में सहभागिता की अपील की।