अररिया जिले के सभी प्रखंडों में 17 एवं 18 जून 2026 को दो दिवसीय “प्रखंड सहयोग-सह-जन-कल्याण शिविर” का आयोजन किया जाएगा। शिविर के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिला प्रशासन ने शिविर के सफल संचालन के लिए व्यापक तैयारी शुरू कर दी है तथा जिला स्तरीय अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
अररिया: जिले के सभी नौ प्रखंडों में 17 एवं 18 जून 2026 को दो दिवसीय “प्रखंड सहयोग-सह-जन-कल्याण शिविर” आयोजित किया जाएगा। इस शिविर के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से संबंधित आवेदन, निबंधन, ई-केवाईसी, सत्यापन, लंबित मामलों के निष्पादन तथा स्वीकृत लाभों के वितरण की व्यवस्था की जाएगी। जिला प्रशासन का उद्देश्य अंतिम पात्र लाभुक तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाना है।
जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार शिविरों के सफल संचालन के लिए प्रत्येक प्रखंड में वरीय एवं सहयोगी अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। संबंधित अधिकारी शिविर की तैयारियों की निगरानी करेंगे तथा दोनों दिनों तक प्रखंडों का भ्रमण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का अनुश्रवण करेंगे।
कई महत्वपूर्ण योजनाओं का मिलेगा लाभ
शिविर में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, आयुष्मान वय वंदना कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, पीएम सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाएं, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना, लखपति दीदी योजना, निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड से संबंधित योजनाएं तथा दिव्यांगजन कल्याण योजनाओं सहित अनेक जनहितकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रशासन के अनुसार शिविर में लाभुकों के आवेदन प्राप्त करने, दस्तावेजों की जांच करने तथा पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की प्रक्रिया एक ही स्थान पर पूरी की जाएगी। इससे लोगों को विभिन्न कार्यालयों का चक्कर लगाने से राहत मिलेगी और सरकारी सेवाओं की पहुंच में सुधार होगा।
प्रखंड स्तर पर विशेष व्यवस्था, हेल्प डेस्क और मेडिकल स्टॉल भी
प्रखंड मुख्यालय परिसर में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शिविर का आयोजन किया जाएगा। प्रत्येक योजना के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए जाएंगे तथा संबंधित विभागों के नोडल पदाधिकारी वहां उपस्थित रहेंगे। जिला एवं प्रखंड स्तर के सभी विभागीय अधिकारी और कर्मचारी शिविर में अपनी सेवाएं देंगे।
लाभुकों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे, जहां आवेदन प्रक्रिया, दस्तावेजों की जांच और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य जांच के लिए मेडिकल स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां रक्तचाप, शुगर जांच एवं स्वास्थ्य परामर्श की सुविधा दी जाएगी।
शिविर में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पंचायत स्तर तक व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर लोगों को आवश्यक दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक पासबुक तथा अन्य प्रमाण पत्र साथ लाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
शिविर के प्रभावी संचालन और अनुश्रवण के लिए समाहरणालय स्थित जिला उद्योग भवन में नियंत्रण कक्ष-सह-अनुश्रवण कोषांग का गठन किया गया है। यह कोषांग शिविरों की निगरानी, प्रतिवेदन संकलन, समस्याओं के त्वरित समाधान तथा वरीय अधिकारियों को समेकित रिपोर्ट उपलब्ध कराने का कार्य करेगा।
जिला प्रशासन ने सभी विभागीय अधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं प्रतिनियुक्त अधिकारियों को निर्देश दिया है कि शिविरों का सफल आयोजन सुनिश्चित करते हुए अधिकाधिक पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।