अररिया में साइबर ठगों पर बड़ी कार्रवाई, 17.95 लाख नकद के साथ 3 गिरफ्तार

पेचैली गांव में चल रहा था साइबर ठगी का नेटवर्क। पुलिस की दबिश पड़ते ही मचा हड़कंप। 17 लाख 95 हजार नकद, फर्जी आधार कार्ड और बायोमेट्रिक डिवाइस के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार।

महलगांव/अररिया। अररिया पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महलगांव थाना क्षेत्र के पेचैली गांव से तीन शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17 लाख 95 हजार रुपये नकद, लैपटॉप, मोबाइल फोन, फर्जी आधार कार्ड और कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार 6 मई 2026 की शाम गश्ती के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि पेचैली गांव के वार्ड संख्या 13 में कुछ लोग अवैध रूप से साइबर ठगी का नेटवर्क चला रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन तीन लोगों को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि गिरोह का मुख्य सरगना फरार होने में सफल रहा।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि कुमार, ब्रजानंद कुमार और करण कुमार के रूप में हुई है। तीनों पेचैली गांव के वार्ड संख्या 3 के रहने वाले बताए गए हैं।

घर के ट्रंक और रसोई से मिली भारी नकदी

छापेमारी के दौरान पुलिस ने घर के ट्रंक और रसोई घर से 17 लाख 95 हजार रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा दो लैपटॉप, चार मोबाइल फोन, दो माउस, एक पेनड्राइव, दो फिंगरप्रिंट डिवाइस, चार ओटीजी डिवाइस और दो यूएसबी डिवाइस जब्त किए गए।

फर्जी आधार और बैंक दस्तावेज भी बरामद

प्रारंभिक जांच में लैपटॉप और मोबाइल से फर्जी आधार कार्ड, फिंगरप्रिंट डेटा और फेस डिटेक्शन से जुड़े संदिग्ध फोटो और वीडियो मिले हैं। पुलिस को कई बैंक पासबुक और चेकबुक भी बरामद हुए हैं। जांच में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह लोगों के बैंक खातों से अवैध निकासी करता था।

इस मामले में साइबर थाना अररिया में कांड संख्या 21/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। फरार मास्टरमाइंड और अन्य सदस्यों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *