अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा था मरीज… रात 12 बजे मदद की गुहार लगी और सुबह होते ही संगठन का कार्यकर्ता रक्तदान के लिए अस्पताल पहुंच गया… पूर्णिया में मानवता की ऐसी तस्वीर सामने आई जिसने हर किसी को भावुक कर दिया।”
पूर्णिया में विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ ने मानव सेवा का उदाहरण पेश करते हुए एक जरूरतमंद मरीज को समय पर रक्त उपलब्ध कराया। कटिहार निवासी अपूर्वा दास, जो पूर्णिया के कप्तान पारा स्थित एक मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल में पाइल्स की बीमारी का इलाज करा रहे हैं, उनके लिए तत्काल ओ पॉजिटिव रक्त की आवश्यकता पड़ी थी। संगठन के कार्यकर्ताओं ने सूचना मिलते ही सक्रिय होकर मरीज को समय पर रक्त उपलब्ध कराया, जिससे उपचार जारी रखा जा सका।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात करीब 12 बजे एक पत्रकार ने दूरभाष के माध्यम से संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी को मरीज की गंभीर स्थिति और रक्त की आवश्यकता की सूचना दी। सूचना मिलते ही संगठन की ओर से रक्तदाता की तलाश शुरू कर दी गई। बुधवार सुबह पूर्णिया जिला कार्यकारिणी सदस्य कालीकांत दास अस्पताल पहुंचे और एक यूनिट ओ पॉजिटिव रक्तदान किया।
देर रात मिली सूचना पर तुरंत हुई पहल
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि मरीज की हालत को देखते हुए रक्त की व्यवस्था करना बेहद जरूरी था। ऐसे में संगठन के सदस्यों ने बिना देर किए आपसी समन्वय बनाकर मदद सुनिश्चित की। रक्त उपलब्ध होने के बाद चिकित्सकों ने मरीज का इलाज आगे बढ़ाया। अस्पताल में मौजूद परिजनों ने भी संगठन के प्रति आभार जताया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने कहा कि संगठन सेवा, सुरक्षा और समर्पण की भावना के साथ लगातार समाज के बीच कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों तक समय पर सहायता पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता है और आगे भी इसी तरह सेवा कार्य जारी रहेंगे।
कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
रक्तदान के दौरान संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनमें पूर्णिया जिला गौ रक्षा प्रमुख हरीश कुमार हर्ष, चिकित्सा प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष डॉ. संतोष शाह, बेगूसराय जिला अध्यक्ष विक्रांत आनंद, सोशल मीडिया आईटी सेल प्रभारी तनु सिंह, पूर्णिया जिला कार्यकारिणी सदस्य राजेश सिंह और नगर महामंत्री कमल कृष्ण रंजन सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।
संगठन की इस पहल को लेकर स्थानीय लोगों ने भी सराहना की और इसे सामाजिक जिम्मेदारी का सकारात्मक उदाहरण बताया।
