कटिहार से एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है, जहां आंगनबाड़ी सेविका प्रेमलता हेंब्रम सलाईन लगी हालत में केंद्र पहुंचने को मजबूर हुईं। मामला मनिहारी थाना क्षेत्र के नारायणपुर पंचायत के सोहा मध्य भाग वार्ड संख्या 7 का है। बताया जा रहा है कि सेविका की तबीयत खराब होने के कारण वह अवकाश पर थीं, लेकिन इसी दौरान बाल विकास परियोजना अधिकारी द्वारा केंद्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में अनुपस्थिति मिलने पर अधिकारी ने नाराजगी जताते हुए तुरंत हाजिर होने का निर्देश दिया।
परिजनों के अनुसार, नौकरी बचाने के दबाव में प्रेमलता हेंब्रम अपने पति के सहारे केंद्र पहुंचीं, जहां उनके हाथ में सलाईन की बोतल लगी हुई थी। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ गया है और अधिकारी पर अमानवीय व्यवहार का आरोप लगाया जा रहा है।
जांच के आदेश
घटना की जानकारी मिलने के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। जिलाधिकारी ने पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दिए हैं।
विरोध और सवाल
स्थानीय लोगों ने इस घटना को लेकर विरोध जताया है और कार्यस्थल पर मानवीय संवेदनाओं की अनदेखी पर सवाल उठाए हैं। जांच रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।