बिहार के सभी जिला मुख्यालयों में बनेंगे सरदार पटेल छात्रावास: पूर्व मंत्री कृष्ण कुमार मंटू

मोतिहारी। पूर्वी चंपारण की ऐतिहासिक धरती पर शिक्षा की नई अलख जगाने और युवाओं को संबल प्रदान करने के उद्देश्य से शनिवार को नगर भवन के सभागार में एक भव्य गोष्ठी सह युवा संवाद का आयोजन किया गया। ‘पटेल छात्रावास निर्माण संघ, पूर्वी चंपारण’ के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले भर के पंचायत प्रतिनिधियों और युवाओं का हुजूम उमड़ पड़ा।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व मंत्री सह अमनौर विधायक कृष्ण कुमार मंटू ने समाज को नई दिशा देते हुए कहा कि यह कलयुग नहीं, बल्कि ‘कलम युग’ है। उन्होंने आह्वान किया कि आज की लड़ाई केवल शिक्षा के माध्यम से ही जीती जा सकती है। श्री मंटू ने घोषणा की कि “पटेल छात्रावास निर्माण ट्रस्ट” प्रदेश के हर जिले में छात्रावास बनाने को संकल्पित है। यदि पूर्वी चंपारण संघ भूमि के कागजात उपलब्ध कराता है, तो एक वर्ष के भीतर आलीशान छात्रावास का निर्माण कर उसकी चाभी सौंप दी जाएगी। विधायक ने प्रेरणा देते हुए कहा कि हर घर से सांसद या विधायक निकलना संभव नहीं, लेकिन सही मार्गदर्शन और सुविधा मिले तो प्रत्येक घर से डॉक्टर, इंजीनियर, जज और प्रशासनिक पदाधिकारी जरूर निकल सकते हैं। छात्रावास निर्माण इसी सपने को धरातल पर उतारने की एक महत्वाकांक्षी पहल है। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व जदयू जिलाध्यक्ष भुवन पटेल ने की, जबकि संचालन कुणाल पटेल व सुनील पटेल ने संयुक्त रूप से किया। संघ के अध्यक्ष कुणाल पटेल ने आश्वस्त किया कि समाज के सहयोग से जल्द ही भूमि चयन और निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने आए हुए सभी जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्धजनों का आभार व्यक्त किया। इस ऐतिहासिक संवाद में जदयू जिलाध्यक्ष भरत पटेल, बीरेंद्र पटेल, प्रकाश चौधरी, चुमन पटेल, संजय सिंह पटेल, अजय पटेल, लखन पटेल, बिजय पटेल, पिंटू मंडल, चनऊ महासंघ के अध्यक्ष विंध्याचल सिंह, उपाध्यक्ष रामबाबू सिंह, रविंद्र पटेल, अवध बिहारी पटेल, कबीर पटेल, धर्मेंद्र सिंह (मुखिया), हरेंद्र पटेल, रमेश पटेल, सरोज पटेल, नवीन पटेल, रंजीत पटेल समेत सैकड़ों की संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता और युवा उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित युवाओं और प्रतिनिधियों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वे एक शिक्षित और सशक्त समाज के निर्माण में अपनी आहुति देंगे। वक्ताओं ने कहा कि एकजुटता और शिक्षा के प्रति समर्पण ही आने वाली पीढ़ी का मार्ग प्रशस्त करेगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *