कोसी का जल लेकर कसवा-जलालगढ़ होते हुए बाबा खरगेश्वर नाथ पर होगा जलाभिषेक, पुलिस करेगी कड़ी सुरक्षा
पूर्णिया/अररिया | श्रावण माह की पवित्रता के बीच आज _पूर्णिया सिटी काली मंदिर_ से _अररिया काली मंदिर_ तक 50 किलोमीटर लंबी _डाक बम यात्रा_ निकाली जाएगी। आस्था, अनुशासन और युवा शक्ति का संगम बनने वाली इस यात्रा को लेकर सीमांचल में खासा उत्साह है।
यात्रा के संयोजक विवेक कुमार हैं। इस आयोजन को “यूथ पावर क्लब” ए यूनिट ऑफ वर्किंग डिजिटल मीडिया प्रेस फाउंडेशन के सौजन्य से निकाला जा रहा है। विवेक कुमार ने बताया कि यात्रा सुबह पूर्णिया सिटी काली मंदिर परिसर स्थित कोसी नदी से पवित्र जल भरकर शुरू होगी। इसके बाद डाक बम भक्त कसवा और जलालगढ़ होते हुए अररिया जिले में प्रवेश करेंगे। अररिया में यात्रा जीरोमाइल, बस स्टैंड और एडीबी चौक से गुजरते हुए अंतिम पड़ाव मां खरगेश्वरी काली मंदिर स्थित बाबा खरगेश्वर नाथ पर पहुंचेगी, जहां विधिपूर्वक जलाभिषेक कर यात्रा का समापन होगा।
आयोजकों ने बताया कि वर्किंग डिजिटल मीडिया प्रेस फाउंडेशन के सदस्य साधन यादव, राजीव रंजन, शिवम पौदार, कुमार भोलेश्वर, सागर एवं विकास प्रकाश लाइनअप में रहकर पूरी यात्रा की मॉनिटरिंग करेंगे। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से श्रद्धालुओं को पल-पल की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। पूर्णिया पुलिस और अररिया पुलिस ने हर मोड़ पर डाक बमों की सुरक्षा एवं सुगम यात्रा को ध्यान में रखकर जवानों की तैनाती की है। ट्रैफिक डायवर्जन, मेडिकल टीम और स्वयंसेवकों को कसवा, जलालगढ़ और अररिया में तैनात किया गया है। पुलिस का उद्देश्य है कि डाक बम समय पर जलाभिषेक कर सकें, इसके लिए रूट पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
धार्मिक मान्यता है कि डाक बम सबसे शीघ्र फल देने वाले होते हैं। “बोल बम” के जयकारों के साथ जब कोसी का जल बाबा खरगेश्वर नाथ पर अर्पित होगा तो पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि इस यात्रा में वर्किंग डिजिटल मीडिया प्रेस फाउंडेशन के तीनों विंग – डिजिटल प्रेस क्लब, यूथ पावर क्लब एवं न्यू महिला कल्याण समिति के सदस्यों का पूर्ण सहयोग लिया जा रहा है। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से मार्ग में अनुशासन बनाए रखने की अपील की है।