अररिया (पलासी): पलासी थाना क्षेत्र में विवाहिता नविता देवी की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी पति गौरभ कुमार विश्वास को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को जोकीहाट थाना क्षेत्र के महलगांव के मधेली गांव से दबोचा। साथ ही मृतका के चार वर्षीय पुत्र आर्यन कुमार को भी सकुशल बरामद कर लिया गया है। मामले में नामजद अन्य छह आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
24 घंटे के भीतर पुलिस ने की कार्रवाई
पलासी थाना पुलिस ने नविता देवी हत्याकांड का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी पति गौरभ कुमार विश्वास को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार घटना के बाद आरोपी फरार चल रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर जोकीहाट थाना क्षेत्र के महलगांव स्थित मधेली गांव में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया गया। इस दौरान मृतका के चार वर्षीय पुत्र आर्यन कुमार को भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
मामले को लेकर मृतका की मां गीता देवी के फर्दबयान पर पलासी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। दर्ज प्राथमिकी में पति गौरभ कुमार विश्वास, ससुर कृत्यानंद विश्वास, सास गौरी देवी, सौरभ कुमार विश्वास, संतोषी देवी, गौतम मंडल तथा झुब्बर मंडल को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।
हत्या कर शव फेंकने का आरोप
प्राथमिकी के अनुसार तीन जून की रात सभी आरोपियों ने मिलकर नविता देवी की हत्या कर दी। आरोप है कि घटना के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को गंगझाली सुरकिया धार के समीप फेंक दिया गया। चार जून की सुबह जब घटना की जानकारी मृतका के परिजनों को मिली तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पलासी थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। वहीं मामले में फरार चल रहे अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान जारी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच विभिन्न पहलुओं से की जा रही है तथा शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है और लोग मामले में त्वरित न्याय की मांग कर रहे हैं।
पलासी (अररिया) से दिलीप विश्वास की रिपोर्ट।