अररिया जिले के भरगामा प्रखंड अंतर्गत खजुरी पंचायत के बलुआही टोला में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में तीन किशोरियों की पोखर में डूबने से मौत हो गई। बताया गया कि तीनों बच्चियां जलावन चुनकर लौट रही थीं और भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए पोखर में नहाने उतरी थीं। इसी दौरान वे गहरे पानी में चली गईं, जिससे उनकी जान चली गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
अररिया: भरगामा प्रखंड क्षेत्र की खजुरी पंचायत स्थित बलुआही टोला वार्ड संख्या-4 में गुरुवार की शाम एक दर्दनाक हादसे में तीन किशोरियों की पोखर में डूबकर मौत हो गई। घटना दोपहर बाद करीब चार बजे की बताई जा रही है। मृतक किशोरियों की उम्र 13 से 14 वर्ष के बीच थी और तीनों महादलित समुदाय से संबंधित थीं।
मृतकों की पहचान उपेंद्र ऋषिदेव की 13 वर्षीय पुत्री रनिया कुमारी, फूलचंद ऋषिदेव की 14 वर्षीय पुत्री अंजली कुमारी तथा राजू ऋषिदेव की 14 वर्षीय पुत्री काजल कुमारी के रूप में की गई है। तीनों एक ही बस्ती की रहने वाली थीं और आपस में सहेलियां थीं।
गर्मी से राहत पाने के लिए पोखर में उतरी थीं किशोरियां
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, तीनों किशोरियां दोपहर में जलावन चुनने के लिए गांव के आसपास गई थीं। जलावन एकत्र करने के बाद वे घर लौट रही थीं। इसी दौरान भीषण गर्मी और तेज धूप से परेशान होकर वे रास्ते में स्थित एक पोखर में नहाने के लिए उतर गईं। बताया जाता है कि नहाने के दौरान वे अनजाने में पोखर के गहरे हिस्से में चली गईं और पानी में डूब गईं।
काफी समय तक जब तीनों घर नहीं पहुंचीं तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान पोखर में तीनों किशोरियों के शव दिखाई दिए। ग्रामीणों ने तत्काल प्रयास कर शवों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद गांव में पसरा मातम
घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल बना हुआ है। सूचना मिलने पर भरगामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने स्थानीय लोगों एवं परिजनों से घटना की जानकारी ली। तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फारबिसगंज एसडीपीओ राजकिशोर प्रसाद ने बताया कि पोखर में डूबने से तीन किशोरियों की मौत की सूचना प्राप्त हुई है। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।