शेखपुरा में राष्ट्रीय लोक मोर्चा की अहम बैठक में संगठन विस्तार और चुनावी प्रक्रिया पर बड़ा फैसला लिया गया, जहां सदस्यता अभियान के बाद पंचायत से राष्ट्रीय स्तर तक अध्यक्षों के चुनाव की रणनीति तय हुई।
शेखपुरा: शेखपुरा में राष्ट्रीय लोक मोर्चा पार्टी की अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन विस्तार और आंतरिक चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में पार्टी के प्रधान महासचिव हिमांशु पटेल ने कार्यकर्ताओं के साथ विस्तृत चर्चा की और आगामी रणनीति स्पष्ट की।
बैठक के दौरान जिला संयोजक देवन मुखिया के नेतृत्व में हिमांशु पटेल का भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में हिमांशु पटेल ने बताया कि जिले में हाल ही में सदस्यता अभियान चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नए लोगों को पार्टी से जोड़ा गया है।
उन्होंने कहा कि अब संगठन को मजबूत करने के लिए शेखपुरा जिले के सभी प्रखंडों और नगर इकाइयों में अध्यक्षों का चुनाव कराया जाएगा। यह चुनाव ऐसे कार्यकर्ताओं के बीच से होगा, जो लंबे समय से पार्टी के प्रति समर्पित हैं और निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
हिमांशु पटेल ने आगे बताया कि पार्टी की चुनाव प्रक्रिया केवल जिला स्तर तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पंचायत स्तर से लेकर प्रदेश और राष्ट्रीय अध्यक्ष तक सभी पदों के लिए चुनाव कराया जाएगा। इससे संगठन में पारदर्शिता और मजबूती आएगी।
इस बैठक में हिमांशु पटेल, देवन मुखिया, देवेंद्र कुशवाहा, मनीष धारी, चंदन कुशवाहा, रामानंद कुशवाहा, रविंद्र कुशवाहा, सौरव कुशवाहा और सुनील रजक सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल हुए।
देवन मुखिया ने कहा कि सदस्यता अभियान के जरिए पार्टी का दायरा बढ़ा है और अब चुनाव प्रक्रिया के माध्यम से संगठन को नई दिशा दी जाएगी।