सर्वा पंचायत में जनसंवाद सभा, 316 योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास; हर घर मुफ्त सोलर प्लेट लगाने की घोषणा
शेखपुरा। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा-2026 के क्रम में शनिवार को जिले के बरबीघा प्रखंड स्थित सर्वा पंचायत पहुंचे। यहां आयोजित जनसंवाद सभा में मुख्यमंत्री ने जिले के विकास को गति देने के उद्देश्य से ₹205 करोड़ से अधिक लागत वाली 316 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार आने वाले समय में बिहार के प्रत्येक घर में मुफ्त सोलर प्लेट लगाने की योजना पर काम कर रही है।
विकास योजनाओं की बड़ी सौगात
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों से जुड़ी योजनाओं की घोषणा करते हुए कहा कि विकास को तेज करने के लिए सात निश्चय पार्ट-3.0 के तहत कई नई योजनाएं शुरू की जा रही हैं। इसके अंतर्गत 120 नई योजनाओं की नींव रखी गई, जिनकी कुल अनुमानित लागत ₹14359.47 लाख बताई गई है। इनमें भवन प्रमंडल की 5 योजनाएं (₹48.70 करोड़), बिहार पुलिस भवन निर्माण की 5 योजनाएं (₹30.97 करोड़) तथा ग्रामीण कार्य विभाग की 10 सड़क योजनाएं (₹23.02 करोड़) शामिल हैं। साथ ही नगर परिषद और नगर पंचायत क्षेत्र के विकास कार्यों पर भी विशेष जोर दिया गया।
पूर्ण हो चुकी योजनाओं का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने विकास की कड़ी को आगे बढ़ाते हुए 196 पूर्ण योजनाओं का लोकार्पण भी किया। इन योजनाओं पर लगभग ₹6177.29 लाख की लागत आई है। इसमें पंचायती राज विभाग की 73 योजनाएं और लघु जल संसाधन प्रमंडल की 17 योजनाएं प्रमुख हैं। इन योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होने की उम्मीद जताई गई है।
मुख्यमंत्री सर्वा हेलीपैड से सर्वा उच्च विद्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व में घोषित विकास कार्यों की प्रगति का निरीक्षण और समीक्षा की। इस दौरान विद्यालय में बनाए गए एस्ट्रो लैब का उद्घाटन किया गया तथा सर्वा पंचायत में निर्मित नए पंचायत भवन का भी उद्घाटन किया गया।
विभागीय योजनाओं का निरीक्षण और जनसंवाद
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण भी किया। इनमें जीविका, उद्योग, आईसीडीएस, शिक्षा, अल्पसंख्यक कल्याण, श्रम, पशुपालन, मत्स्य, कृषि, उद्यान और सामाजिक सुरक्षा विभाग की योजनाओं से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की गई। महिला सशक्तिकरण पर आधारित डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई।
जनसंवाद सभा में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा, मंत्री विजय कुमार चौधरी, जिला प्रभारी मंत्री जमा खान, सांसद विवेक ठाकुर, विधायक रणधीर कुमार सोनी और कुमार पुष्पांजय सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी सभा को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि 2005 से पहले बिहार में विकास की रफ्तार बेहद धीमी थी, लेकिन अब राज्य में आधारभूत ढांचे और जनकल्याण योजनाओं के माध्यम से व्यापक बदलाव देखने को मिल रहा है।
