दिलीप बिश्वास पलासी (अररिया)। पलासी थाना पुलिस ने मंगलवार को अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए द्वारगांव-बेलवाड़ी वार्ड संख्या-14 में छापेमारी कर 156 लीटर से अधिक अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की। पुलिस की कार्रवाई के दौरान शराब रखने का आरोपित दिलीप कुमार यादव पुलिस को देखकर घर से निकलकर फरार हो गया। पुलिस ने बरामद शराब को जब्त कर थाना के मालखाना में सुरक्षित रखा है।
22 सितंबर 2026 को पलासी थाना में पदस्थापित पु०अ०नि० रौशन कुमार सिंह सशस्त्र बल व गृह रक्षकों के साथ क्षेत्र में दिवा गश्ती, वाहन जांच एवं अवैध शराब के विरुद्ध छापेमारी के लिए निकले थे। इसी दौरान किसान चौक के पास गुप्त सूचना मिली कि द्वारगांव-बेलवाड़ी वार्ड संख्या-14 निवासी दिलीप कुमार यादव (38) अपने घर में विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब लाकर छिपाकर रखा है और उसे बेचने की तैयारी में है।
सूचना के बाद थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार को जानकारी दी गई। उनके निर्देश पर पुलिस टीम ने चौकीदार बलराम मंडल के साथ करीब 10:45 बजे बताए गए स्थान पर पहुंचकर छापेमारी की। पुलिस वाहन को देखते ही एक व्यक्ति घर से निकलकर भागने लगा। पुलिस बल ने उसका पीछा किया, लेकिन वह गली-कूची का फायदा उठाकर फरार हो गया। चौकीदार ने भागने वाले व्यक्ति की पहचान दिलीप कुमार यादव के रूप में की।
इसके बाद पुलिस ने घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान रॉयल स्टैग, रॉयल स्टैग प्रीमियर, सिग्नेचर, ब्लेंडर्स प्राइड, इम्पीरियल ब्लू, ऑफिसर्स चॉइस एलीट और हेवर्ड्स-5000 बीयर समेत विभिन्न ब्रांड की शराब बरामद हुई। बरामद शराब में 750 एमएल, 375 एमएल, 180 एमएल के पाउच तथा 500 एमएल बीयर की बोतलें शामिल है।
पुलिस के मुताबिक बरामद शराब की कुल मात्रा 156.86 लीटर है। पूरी कार्रवाई की मोबाइल से वीडियोग्राफी कराते हुए जब्ती सूची तैयार की गई। पुलिस ने बताया कि स्थानीय ग्रामीणों से स्वतंत्र गवाह बनने का अनुरोध किया गया, लेकिन कोई तैयार नहीं हुआ। इसके बाद पुलिस बल के दो सदस्यों को साक्षी बनाकर जब्ती की कार्रवाई पूरी की गई।
जब्त शराब को पुलिस वाहन से पलासी थाना लाकर मालखाना में सुरक्षित रखा गया। मामले में पलासी थाना कांड बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू की गई है, पुलिस फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है।