बिहार शराबबंदी कानून के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान मध्य निषेध एवं एएलटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 18.87 लीटर विदेशी शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जिसे आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए फारबिसगंज थाना के सुपुर्द कर दिया गया।
फारबिसगंज (अररिया)। बिहार में लागू शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू कराने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोमवार को मध्य निषेध विभाग एवं एएलटीएफ की संयुक्त टीम ने फारबिसगंज थाना क्षेत्र में छापेमारी कर विदेशी शराब की खेप बरामद की। कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।
जानकारी के अनुसार, 03 अगस्त 2026 को मध्य निषेध विभाग की टीम रेड एवं छापेमारी अभियान के तहत फारबिसगंज थाना पहुंची। यहां टीम ने अभियान की जानकारी थाना अध्यक्ष को दी। इसके बाद थाना अध्यक्ष के निर्देश पर थाना पुलिस, एएलटीएफ एवं मध्य निषेध विभाग की संयुक्त टीम गठित कर गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई शुरू की गई।
संयुक्त टीम ने धर्मशाला चौक, वार्ड संख्या-16 स्थित एक मकान में छापेमारी की। यह मकान गोपी राय (54 वर्ष), पिता स्वर्गीय मधी पुरण राय का बताया गया है। तलाशी के दौरान घर से चार अलग-अलग ब्रांड की कुल 18.87 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।
शराब बरामद होने के बाद टीम ने गोपी राय को मौके से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद बरामद शराब को जब्त कर आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी की गई तथा गिरफ्तार अभियुक्त को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए फारबिसगंज थाना लाया गया। थाना में आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राज्य में शराबबंदी कानून का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के लिए नियमित रूप से छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। अवैध शराब के कारोबार, भंडारण एवं तस्करी से संबंधित किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब के निर्माण, भंडारण या बिक्री की जानकारी मिले तो इसकी सूचना संबंधित थाना या उत्पाद विभाग को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।
इस छापेमारी अभियान में एएलटीएफ फारबिसगंज के जितेंद्र कुमार सहित थाना पुलिस के पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे।