धर्मगंज चौक के पास पुलिस ने की कार्रवाई, दोनों आरोपियों के पास से मिलीं 30 पुड़िया
दिलीप बिश्वास पलासी (अररिया)। पलासी थाना पुलिस ने शुक्रवार को धर्मगंज चौक के पास छापेमारी कर स्मैक के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों के पास से कुल 7.5 ग्राम स्मैक बरामद की है। साथ ही, तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 30 अक्टूबर को पुलिस टीम छापेमारी के बाद लौट रही थी। इसी दौरान बकनिया पुल के पास सूचना मिली कि एक काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक स्मैक लेकर बहुवारी की ओर से धर्मगंज की तरफ आ रहे हैं। सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष को जानकारी दी गई। इसके बाद पुलिस टीम को तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
पुलिस टीम धर्मगंज चौक के पास पहुंची तो एक काले रंग की मोटरसाइकिल पर दो युवक दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन जवानों के सहयोग से उन्हें पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार युवकों की पहचान पूर्णिया जिले के टीकापट्टी थाना क्षेत्र के तेलडिहा वार्ड संख्या-2 निवासी स्वर्गीय जितेंद्र झा के पुत्र शिवम झा (20) और अररिया जिले के पलासी थाना क्षेत्र के बहुवारी वार्ड संख्या-7 निवासी अर्जुन दास के पुत्र विकास कुमार दास (19) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान शिवम झा के पास से 22 पुड़िया में रखी 5.6 ग्राम स्मैक, जबकि विकास कुमार दास के पास से आठ पुड़िया में रखी 1.9 ग्राम स्मैक बरामद की गई। इस तरह दोनों के पास से कुल 30 पुड़िया में 7.5 ग्राम स्मैक मिली। पुलिस ने मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।