अररिया में मुख्यमंत्री मछुआ कल्याण योजना के तहत मत्स्य व्यवसाय से जुड़े छह लाभुकों को थ्री-व्हीलर आइस बॉक्स युक्त वाहनों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के मंत्री सह अररिया के प्रभारी मंत्री डॉ. राम चंद्र प्रसाद ने लाभुकों को वाहन की चाबी सौंपी और हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। योजना का उद्देश्य मछलियों के सुरक्षित एवं स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देकर मत्स्य व्यवसाय को आधुनिक स्वरूप प्रदान करना है।
अररिया: मुख्यमंत्री मछुआ कल्याण योजना के अंतर्गत मत्स्य परिवहन वाहन योजना के तहत अररिया जिले में छह लाभुकों को थ्री-व्हीलर आइस बॉक्स युक्त वाहनों का वितरण किया गया। आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के मंत्री सह अररिया जिला प्रभारी मंत्री डॉ. राम चंद्र प्रसाद ने लाभुकों को वाहन की चाबी प्रदान की तथा वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी विनोद दूहन और पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार सहित कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। 
लाभुकों को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मछुआ कल्याण योजना राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं में से एक है, जिसका उद्देश्य मछुआ समुदाय और मत्स्य विक्रेताओं की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि आधुनिक परिवहन सुविधाएं उपलब्ध होने से मत्स्य व्यवसाय को नया विस्तार मिलेगा और लाभुकों की आय में वृद्धि होगी।
मत्स्य परिवहन को मिलेगा आधुनिक स्वरूप
मंत्री ने कहा कि आइस बॉक्स युक्त वाहनों के माध्यम से जलाशयों एवं मत्स्य उत्पादन केंद्रों से बाजार तक मछलियों का सुरक्षित, स्वच्छ और हाइजेनिक परिवहन सुनिश्चित किया जा सकेगा। इससे मछलियों की गुणवत्ता लंबे समय तक बरकरार रहेगी और उपभोक्ताओं को ताजा उत्पाद उपलब्ध होगा। उन्होंने बताया कि मत्स्य व्यवसाय के विकास के लिए राज्य सरकार लगातार विभिन्न योजनाओं का संचालन कर रही है, जिससे मछुआ समुदाय को रोजगार के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।
विभागीय अधिकारियों ने जानकारी दी कि योजना के तहत एक वाहन की इकाई लागत तीन लाख रुपये निर्धारित की गई है। इस पर पात्र लाभुकों को 50 प्रतिशत तक अनुदान प्रदान किया जाता है। योजना का लाभ थोक एवं खुदरा स्तर पर मत्स्य बिक्री तथा वैडिंग कार्य से जुड़े मछुआरों और मत्स्य विक्रेताओं को दिया जा रहा है।
वित्तीय वर्ष 2025-26 के लक्ष्य के तहत वितरण
वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए अररिया जिले को कुल नौ वाहनों का लक्ष्य प्राप्त हुआ था। विभागीय लक्ष्य के अनुसार जिले के प्रत्येक प्रखंड से एक लाभुक का चयन किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इससे पूर्व बिहार सरकार की समृद्धि यात्रा के दौरान तीन लाभुकों को वाहन उपलब्ध कराए जा चुके हैं। शेष छह लाभुकों को इस कार्यक्रम में वाहन वितरित किए गए।
आज जिन लाभुकों को वाहन प्रदान किए गए उनमें सिकटी के भवेश मंडल, कुर्साकांटा की मानकी देवी, जोकीहाट के राज कुमार चौधरी, भरगामा की मुन्नी देवी, फॉरबिसगंज के गुरुदेव सिंह तथा पलासी के जुलकर नैन शामिल हैं।
कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने लाभुकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह योजना मत्स्य व्यवसाय को आधुनिक तकनीक और संसाधनों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही इससे मछुआ समुदाय के आर्थिक सशक्तिकरण को भी बढ़ावा मिलेगा।