आधी रात हादसा, प्रशासन की तत्परता से टली बड़ी दुर्घटना
भागलपुर। भागलपुर में गंगा नदी पर बने ऐतिहासिक विक्रमशिला पुल के पाया संख्या 133 का एक स्लैब टूटकर नदी में गिर गया, जिसके बाद पुल पर आवागमन पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। घटना देर रात करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। हादसे के समय पुल पर वाहनों की आवाजाही जारी थी, लेकिन पुलिस और ट्रैफिक विभाग की त्वरित कार्रवाई से किसी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई।
घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक थाना अध्यक्ष और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तत्काल वाहनों को पुल से हटाना शुरू किया। इसी दौरान स्लैब टूटकर नीचे गिर गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुल को तुरंत खाली कराकर सील कर दिया गया। मौके पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस अधीक्षक और अन्य पदाधिकारी भी पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
हादसे के बाद प्रशासन की कार्रवाई
प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर पुल पर पूरी तरह आवाजाही रोक दी है। सभी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट किया गया है। नवगछिया और आसपास के क्षेत्रों में जाने वाले वाहनों को सुल्तानगंज होते हुए मुंगेर पुल की तरफ से भेजा जा रहा है। इसके लिए विभिन्न स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे फिलहाल विक्रमशिला पुल का उपयोग न करें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही इस्तेमाल करें।
पुलिस की सतर्कता से टली बड़ी दुर्घटना
भागलपुर के एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई की गई और पुल पर मौजूद लोगों को पीछे हटने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक पुलिस की सक्रियता के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। यदि समय रहते वाहनों को नहीं हटाया जाता, तो गंभीर जनहानि हो सकती थी।
उन्होंने आगे बताया कि नवगछिया एसपी समेत अन्य अधिकारियों को तत्काल सूचना देकर अतिरिक्त बल की व्यवस्था की गई और पुल को पूरी तरह से सील कर दिया गया। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और पुल की संरचनात्मक स्थिति का आकलन किया जा रहा है।
