पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कार्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोप में तीन थानाध्यक्षों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है। वहीं अगस्त 2026 में बेहतर कार्य और शराब, मादक पदार्थ समेत अन्य बरामदगी के लिए 10 पुलिस पदाधिकारियों को पुरस्कृत किया गया है। जिले में अगस्त माह के दौरान कुल 834 गिरफ्तारियां दर्ज की गईं।
अररिया:- अररिया पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से 10 सितंबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति में अगस्त माह के पुलिस कार्यों की समीक्षा के आधार पर कार्रवाई और पुरस्कार की जानकारी दी गई है। कार्य में लापरवाही एवं अनुशासनहीनता के आरोप में सिकटी थानाध्यक्ष रोशन कुमार, सोनामनी गोदाम थानाध्यक्ष चंदन कुमार और बथनाहा थानाध्यक्ष राजवीर साहू के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है।
इसके अलावा कांडों के अपेक्षा से कम निष्पादन, अधिक संख्या में कांड लंबित रहने, मादक पदार्थों की संतोषजनक बरामदगी नहीं होने तथा NBW, इश्तेहार और कुर्की के निष्पादन में कमी के मामले में कई थानाध्यक्षों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
अगस्त 2026 में बेहतर पुलिसिंग के लिए 10 पदाधिकारियों को पुरस्कृत किया गया। इनमें फारबिसगंज के पर्यवेक्षी पदाधिकारी मुकेश कुमार, जोगबनी थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा, फारबिसगंज के अंचल पुलिस निरीक्षक सह जोगबनी थानाध्यक्ष घन प्रसाद, बैरगाछी थानाध्यक्ष नन्दीप गुप्ता, आरएस थानाध्यक्ष अकबर, कुर्साकांटा थानाध्यक्ष रोहित कुमार, बैरगाछी के अपर थानाध्यक्ष ज्वाला प्रसाद, डीआईयू अररिया, बसमतीया थानाध्यक्ष सुनील कुमार और फुलकाहा थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य शामिल हैं।
पुलिस के आंकड़ों के अनुसार अगस्त में जिले में कुल 834 गिरफ्तारियां हुईं। इस दौरान 2.515 किलोग्राम स्मैक, 852.742 किलोग्राम गांजा, 10,177.155 लीटर अंग्रेजी शराब, 2,024.395 लीटर नेपाली शराब और 481.5 लीटर देसी शराब बरामद की गई। इसके अलावा 66 मोटरसाइकिल, 36 मोबाइल, हथियार, कारतूस तथा भारतीय और नेपाली मुद्रा भी बरामद की गई।