पोखर बना काल: चार साल की सलोनी की डूबकर मौत

घर के बाहर खेल रही चार साल की मासूम, कुछ ही मिनटों में पोखर में समा गई… मां की चीख से गूंज उठा गांव, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी… एक दर्दनाक लापरवाही ने छीन ली जिंदगी।

मदनपुर-अररिया जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत मदनपुर पश्चिमी पंचायत के वार्ड नंबर 13 में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में चार वर्षीय बच्ची सलोनी कुमारी की पोखर में डूबने से मौत हो गई। घटना करीब चार बजे की बताई जा रही है। मासूम की मौत की खबर फैलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

परिजनों के अनुसार, सलोनी घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान वह पानी लेने के लिए पास के पोखर की ओर चली गई। अचानक उसका पैर गहरे पानी में फिसल गया और वह डूब गई। काफी देर तक बच्ची के घर नहीं लौटने पर मां उसे खोजते हुए पोखर के पास पहुंची, जहां पानी में बच्ची को देख चीख उठी।

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी

मां की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बच्ची को पानी से बाहर निकाला गया। हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते लोगों की भीड़ जुट गई।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक बच्ची के पिता चंदन ऋषिदेव पंजाब में मजदूरी करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही उनकी हालत भी खराब बताई जा रही है। वहीं मां का रो-रोकर बुरा हाल है और वह बार-बार बेहोश हो रही है। गांव के लोग परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं, लेकिन मासूम की मौत से हर कोई स्तब्ध है।

यह हादसा गांव में बच्चों की सुरक्षा और जल स्रोतों के आसपास सतर्कता की जरूरत को एक बार फिर उजागर करता है। पूरे गांव में गमगीन माहौल है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *