नरपतगंज नगर पंचायत कार्यालय में ट्रांसफॉर्मर ब्लास्ट से भीषण आग, लाखों की क्षति

नरपतगंज नगर पंचायत में ट्रांसफॉर्मर धमाके के बाद भड़की आग ने मचा दी तबाही, लाखों के सामान और जरूरी दस्तावेज जलकर राख, बिजली विभाग की लापरवाही पर उठे बड़े सवाल

अररिया:- जिले के नरपतगंज नगर पंचायत कार्यालय परिसर में रविवार शाम ट्रांसफॉर्मर में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई, जिससे आरटीपीएस काउंटर, उपकरण और महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज पूरी तरह जलकर राख हो गए। घटना में करीब 12.76 लाख रुपये की क्षति का अनुमान लगाया गया है। मुख्य पार्षद सन्नू कुमारी ने बिजली विभाग की लापरवाही को हादसे की प्रमुख वजह बताते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

घटना 03 मई 2026 को करीब शाम 4 बजे की है, जब कार्यालय परिसर में लगे ट्रांसफॉर्मर में अचानक तेज आवाज के साथ आग भड़क उठी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के लोग और दुकानदार घबराकर मौके से भागने लगे। चूंकि रविवार का अवकाश था, कार्यालय बंद था, जिससे जनहानि नहीं हुई। हालांकि, आग की लपटों ने पश्चिम दिशा में स्थित आरटीपीएस काउंटर को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया।

सूचना मिलने पर मुख्य पार्षद सन्नू कुमारी मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों और अग्निशमन दल की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझने के बाद जब क्षति का आकलन किया गया, तो सामने आया कि काउंटर का पूरा शेड, फर्नीचर, कंप्यूटर, प्रिंटर, स्कैनर, सीसीटीवी कैमरे, एयर कंडीशनर और बड़ी संख्या में स्ट्रीट लाइट व अन्य सामग्री जलकर नष्ट हो चुकी है। इसके अलावा, विभिन्न योजनाओं से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज और फाइलें भी पूरी तरह नष्ट हो गईं।

ट्रांसफॉर्मर में शॉर्ट सर्किट से फैली आग

मुख्य पार्षद के अनुसार, ट्रांसफॉर्मर में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि ट्रांसफॉर्मर की स्थिति को लेकर पहले भी जिला स्तरीय बैठकों में आवाज उठाई गई थी, लेकिन विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। पार्षद ने कहा कि यदि यह घटना कार्यदिवस में होती, तो जानमाल का बड़ा नुकसान हो सकता था।

लापरवाही पर एफआईआर की मांग

सन्नू कुमारी ने नरपतगंज थाना में आवेदन देकर भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत मामला दर्ज कर उचित जांच और कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकारी संपत्ति की भारी क्षति के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *