पंचगछिया चौक पर पुलिस का शिकंजा, बाइक सवार दो तस्कर गिरफ्तार

पलासी/अररिया। जिले के पलासी थाना क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने 34 बोतल नेपाली शराब और एक बाइक जब्त की है।

घटना शुक्रवार की है, जब पलासी थाना पुलिस गश्ती पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि कलियागंज से धपड़ी जाने वाली सड़क पर एक बाइक पर सवार दो व्यक्ति शराब लेकर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और पंचगछिया चौक के पास घेराबंदी की। जैसे ही संदिग्ध बाइक वहां पहुंची, पुलिस को देखकर दोनों युवक भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन बल की मदद से उन्हें पकड़ लिया गया।

तलाशी में शराब बरामद
पुलिस ने बाइक की तलाशी ली तो दो प्लास्टिक थैलों और डिग्गी से 34 बोतल नेपाली शराब बरामद हुई। जब्त बाइक का नंबर बीआर 439 क्यू-8894 बताया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संत लाल साह, निवासी कलियागंज और मो काजिम खान, निवासी पड़रिया के रूप में हुई है।

एफआईआर दर्ज, न्यायिक हिरासत
इस मामले में सअनि विजय कुमार यादव के लिखित आवेदन पर दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि पूछताछ के बाद दोनों तस्करों को न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।

पलासी से दिलीप विश्वास की रिपोर्ट

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *