अररिया: जिले में बेहतर पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार ने कुर्साकांटा प्रखंड स्थित कुआड़ी थाना का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए लंबित कांडों की समीक्षा की और पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण, मालखाना में रखे सामानों की स्थिति और हाजत की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। इसके साथ ही शस्त्रागार में हथियारों के रख-रखाव, आगंतुक पंजी, महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली, CCTNS प्रणाली और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की भी जांच की।
एसपी ने विधि-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों की जानकारी ली। उन्होंने गंभीर कांडों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश थानाध्यक्ष को दिया। साथ ही अनुसंधान की गुणवत्ता बनाए रखने और मामलों के निष्पादन में अनावश्यक देरी नहीं करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना में तैनात सभी पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को आम लोगों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि थाना पहुंचने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत गंभीरता से सुनी जाए और उस पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
एसपी ने थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और आम जनता की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निष्पादन करने को पुलिस की प्राथमिकता बताया।
उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य आम लोगों के बीच सुरक्षा और विश्वास की भावना पैदा करना है। इसके लिए थाना स्तर पर बेहतर पुलिसिंग, जवाबदेही और जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार बेहद जरूरी है।