अररिया जिला मुख्यालय से गुजरने वाली ABC कोसी नहर की बदहाल स्थिति को लेकर छठ पूजा से पहले सवाल उठने लगे हैं। नहर में जमा कचरा, गंदा पानी और दुर्गंध से छठ व्रतियों की परेशानी बढ़ने की आशंका है। सीमांचल युवा जागरण मोर्चा ने नगर परिषद को पत्र लिखकर तत्काल सफाई और नहर में स्वच्छ पानी छोड़ने की मांग की है।
अररिया:- जिला मुख्यालय की एकमात्र ABC कोसी नहर इन दिनों बदहाली का शिकार है। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की तैयारियों के बीच नहर की स्थिति को लेकर सामाजिक संगठन सीमांचल युवा जागरण मोर्चा ने चिंता जताई है। मोर्चा ने कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद अररिया को पत्र लिखकर नहर की तत्काल सफाई कराने की मांग की है।
मोर्चा अध्यक्ष गगन कुमार झा ने अपने पत्र में कहा है कि जिला मुख्यालय के कई वार्डों के लोग वर्षों से इसी नहर के किनारे छठ पूजा करते आ रहे हैं। इसके बावजूद नगरीय क्षेत्र में आने वाली नहर के दोनों किनारों पर स्थित घाटों का अब तक पक्कीकरण नहीं कराया गया है। साथ ही नहर की नियमित साफ-सफाई को लेकर नगर परिषद और सिंचाई विभाग की सक्रियता भी नजर नहीं आती है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में नहर के आसपास कचरे का अंबार लगा हुआ है। पानी लंबे समय से जमा रहने के कारण उससे दुर्गंध निकल रही है। ऐसी स्थिति में छठ पूजा के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं को काफी परेशानी हो सकती है। गंदगी के कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी जताई गई है।
मोर्चा ने मांग की है कि छठ पूजा से कम से कम एक सप्ताह पहले नहर की पूरी तरह सफाई कराई जाए और उसमें नए सिरे से स्वच्छ पानी छोड़ा जाए, ताकि व्रतियों को पूजा-अर्चना के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
इधर, नहर में पानी की उपलब्धता और सफाई के मुद्दे पर गगन कुमार झा सिंचाई विभाग के एसडीओ से मिलने उनके कार्यालय पहुंचे थे। हालांकि, एसडीओ के कार्यालय में मौजूद नहीं रहने के कारण मुलाकात नहीं हो सकी। कार्यालय की ओर से अगले दिन मिलने का समय निर्धारित किया गया है।
अब देखना होगा कि छठ महापर्व से पहले संबंधित विभाग नहर की सफाई और घाटों की व्यवस्था को लेकर कितनी तत्परता दिखाते हैं।