दिलीप बिश्वास पलासी अररिया,पलासी थाना क्षेत्र के डेहटी दक्षिण वार्ड नं0-07 में जमीन बटवारा के पुराने विवाद को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है।
पीड़ित मोहम्मद सालिम, उम्र 29 वर्ष, पिता स्व० खलील उद्दीन ने पलासी थाना अध्यक्ष को दिए आवेदन में बताया है कि दिनांक 13.09.2026 दिन रविवार को रात करीब 09:30 बजे वह जैसे अपने आंगन आया,तभी पहले से घात लगाए 5 नामजद लोगों ने हथियार से लैस होकर हमला कर दिया । आरोप है कि मो० मुश्ताक अहमद और मो० इश्तियाक ने उन्हें पकड़ लिया और अबू सुफियान ने धारदार फरसा से सिर पर वार कर दिया, जिससे गहरा जख्म हो गया। इस दौरान चमन आरा और बीबी अफीफा ने लाठी-डंडे से मारपीट की और जेब से 30,000 रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने बताया कि भाई साकिब रेजा, मां बीबी मेहजबी, भाभी सबा प्रवीन और नाजिया सुलताना के साथ भी मारपीट, गाली-गलौज की गई। 4-5 अज्ञात बदमाशों को बुलाकर भी मारपीट की गई, महिलाओं के जेवरात करीब 1.5 लाख रुपये छीन लिए गए और कपड़े फाड़ने जैसी घटना को अंजाम दिया गया।घटना के बाद शोर सुनकर पहुंचे लोगों और बड़े भाई मो० मुजाहिद हुसैन ने बीच-बचाव कर सभी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पलासी पहुंचाया। सिर में गंभीर चोट होने के कारण 4-5 टांके लगे हैं और बाद में डॉक्टरों ने अररिया सदर अस्पताल रेफर कर दिया। पीड़ित ने जान से मारने की धमकी मिलने का भी आरोप लगाया है।इस संबंध में पीड़ित ने पलासी थाना में नामजद अभियुक्त (1) अबू सुफियान (2) मो० मुश्ताक अहमद (3) मो० इश्तियाक (4) चमन आरा (5) बीबी अफीफा सहित 4-5 अज्ञात के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच कर रही है।