मोहिनी देवी मेमोरियल स्कूल में आयोजित तीन दिवसीय इंट्रा-स्कूल चेस टूर्नामेंट के सफल प्रतिभागियों को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद संजय सरावगी ने प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के साथ विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और अनुशासन की भी प्रशंसा की गई।
अररिया। मोहिनी देवी मेमोरियल स्कूल में आयोजित तीन दिवसीय इंट्रा-स्कूल चेस टूर्नामेंट के सफल प्रतिभागियों को आयोजित समारोह में पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद संजय सरावगी ने विभिन्न वर्गों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
गर्ल्स सेक्शन में आद्या शर्मा ने प्रथम और कृतिका ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर बॉयज सेक्शन में कक्षा 8 के विराट वर्ग ने प्रथम तथा कक्षा 7 के आबूसाद ने द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं सीनियर बॉयज सेक्शन में कक्षा 10 के ऋषि राज प्रथम और दिव्यांशु कुमार शाह द्वितीय स्थान पर रहे। सभी सफल प्रतिभागियों को मंच पर प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर संजय सरावगी ने विद्यालय की गतिविधियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि विवेकानंद के आदर्शों को केंद्र में रखकर विद्यार्थियों को शिक्षा और संस्कार देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों के अनुशासन की भी सराहना की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विद्यालय में स्थापित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा गरीब और मेधावी विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और भविष्य से जुड़ी जानकारी ली।
कार्यक्रम में सांसद प्रदीप कुमार सिंह सहित शहर के बुद्धिजीवी और वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे। बताया गया कि विद्यालय सभागार में अररिया के बुद्धिजीवी एवं वरिष्ठ नागरिकों की बैठक में शामिल होने के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद पहुंचे थे। इसी दौरान चेस टूर्नामेंट के सफल खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
मौके पर मोहिनी देवी मेमोरियल स्कूल के निदेशक संजय प्रधान और प्राचार्य डॉ. पाराशर त्यागी सहित विद्यालय के शिक्षक और अन्य लोग उपस्थित रहे।
