विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने पूर्णिया भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह से जुड़े विवाद की निष्पक्ष, पारदर्शी और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। इस संबंध में मुख्यमंत्री सहित भाजपा के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व को पत्र भेजकर पूरे मामले में तथ्यों के आधार पर निर्णय लेने का आग्रह किया गया है।
पूर्णिया। विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने पूर्णिया भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह से जुड़े प्रकरण को लेकर मुख्यमंत्री, भाजपा के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व तथा बिहार सरकार के वरिष्ठ पदाधिकारियों को पत्र भेजकर मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि किसी भी विवाद का समाधान तथ्यों और निष्पक्ष जांच के आधार पर होना चाहिए, ताकि न्याय सुनिश्चित किया जा सके।
पत्र मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्य प्रभारी अरुण सिंह, भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, बिहार प्रदेश संगठन महामंत्री भीखूभाई दलसानिया तथा बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा को संबोधित किया गया है।
आशीष गोस्वामी ने पत्र में कहा है कि किसी भी प्रकरण में वास्तविक तथ्यों का सामने आना आवश्यक है। उन्होंने संगठनात्मक मर्यादा और न्याय की भावना का उल्लेख करते हुए आग्रह किया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएं, उसी के आधार पर उचित एवं न्यायसंगत निर्णय लिया जाए। उनका कहना है कि इससे किसी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय की संभावना समाप्त होगी और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा सकेगी।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि विवाद की शुरुआत होली के अवसर पर भाजपा कार्यालय में आयोजित होली मिलन कार्यक्रम के दौरान बनाए गए एक वीडियो के प्रसारण के बाद हुई थी। इस कारण उन्होंने वीडियो के निर्माण, उसके प्रसारण तथा पूरे घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है, ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके और किसी भी प्रकार की भ्रांति समाप्त की जा सके।
आशीष गोस्वामी ने पत्र में यह भी कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पूर्णिया दौरे के दौरान विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ ने सीमांचल क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों से कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की थी। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व, संगठन संचालन की कार्यशैली तथा कार्यकर्ताओं के साथ उनके व्यवहार को निकट से देखने का अवसर मिला।
उन्होंने स्पष्ट किया कि विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ इस मामले में किसी व्यक्ति या पक्ष विशेष के समर्थन अथवा विरोध में नहीं है। संगठन का उद्देश्य केवल यह सुनिश्चित करना है कि पूरे प्रकरण की जांच निष्पक्ष, पारदर्शी और तथ्यों के आधार पर हो, जिससे वास्तविक सत्य सामने आ सके। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर ही अंतिम निर्णय लिया जाना चाहिए।
पत्र के अंत में आशीष गोस्वामी ने कहा कि विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र विकास, जनकल्याण और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण से जुड़े प्रयासों का सम्मान करता है। साथ ही संगठन ने राष्ट्रहित, समाजहित और जनकल्याण से जुड़े कार्यों में भविष्य में भी सकारात्मक सहयोग जारी रखने तथा सत्य, न्याय और संगठनात्मक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।