दिलीप बिश्वास पलासी / अररिया :- पलासी प्रखंड मुख्यालय स्थित प्रखंड कार्यालय परिसर में शनिवार को आयोजित जनता दरबार में भूमि विवाद से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई। इस दौरान कुल 16 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 4 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया।जनता दरबार की अध्यक्षता राजस्व अधिकारी विदिशा सिंह ने की। इस अवसर पर सहायक थानाध्यक्ष रंजीत कुमार, मुशर्रफ सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों को आमने-सामने बुलाकर उनकी बात सुनी गई तथा आपसी सहमति से विवादों का समाधान कराने का प्रयास किया गया। इसी क्रम में चार मामलों का मौके पर ही सफलतापूर्वक निपटारा कर दिया गया।
राजस्व अधिकारी विदिशा सिंह एवं सहायक थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य भूमि विवादों का त्वरित, पारदर्शी एवं सौहार्दपूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों को न्यायालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने बताया कि शेष 12 मामलों में आवश्यक जांच, दस्तावेजों के सत्यापन एवं अन्य कानूनी प्रक्रियाओं के बाद अगले सप्ताह आयोजित होने वाले जनता दरबार में सुनवाई कर उचित कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से भूमि संबंधी विवादों के समाधान के लिए जनता दरबार का लाभ उठाने की अपील की।