मैना स्थित एसबीआई बैंक के सामने वाहन जांच के दौरान पुलिस को मिली सफलता
दिलीप बिश्वास पलासी (अररिया)। पलासी थाना पुलिस ने रविवार, 25 अक्टूबर को मैना स्थित एसबीआई बैंक के सामने वाहन जांच के दौरान 30 लीटर देसी चुलाई शराब के साथ एक टोटो चालक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने शराब के परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे बिना नंबर प्लेट वाले टोटो को भी जब्त कर लिया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान जोकीहाट थाना क्षेत्र के धोबनिया गांव निवासी अरुण ततमा (40 वर्ष) के रूप में हुई है।
पलासी थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक उपेंद्र प्रसाद रविवार को सशस्त्र बल के साथ गश्ती पर निकले थे। इसी दौरान शाम करीब 5:15 बजे गुप्त सूचना मिली कि एक टोटो चालक मैना कॉलोनी से देसी चुलाई शराब लेकर जोकीहाट की ओर बिक्री के लिए जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मैना स्थित एसबीआई बैंक के सामने वाहन जांच शुरू की।
इसी दौरान पश्चिम दिशा की ओर से आ रहे नीले रंग के एक टोटो चालक की नजर पुलिस पर पड़ी तो वह वाहन से उतरकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस बल ने संदेह के आधार पर उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान चालक ने टोटो की आगे वाली सीट के नीचे देसी चुलाई शराब छिपाकर रखने की बात बताई।
इसके बाद पुलिस ने टोटो की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पीले रंग के दो, सफेद रंग के तीन और लाल रंग के एक प्लास्टिक के डिब्बे में कुल 30 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की गई। पुलिस ने शराब के साथ मिनी मेट्रो कंपनी के टोटो को जब्त कर लिया। टोटो के नंबर प्लेट पर कोई पंजीकरण संख्या अंकित नहीं थी।
पुलिस ने बरामद शराब और टोटो की विधिवत जब्ती सूची तैयार की तथा गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद जब्त शराब को थाना के मालखाना और टोटो को थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया ।
पलासी थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।