दिलीप बिश्वास पलासी / अररिया :- पलासी प्रखंड क्षेत्र के नकताखुर्द पंचायत वार्ड संख्या-2 की निवासी चंद्रा देवी, पति वन्नो साह, अपनी जमीन के विवाद को लेकर वर्षों से सरकारी कार्यालयों का चक्कर लगाने को मजबूर हैं। पीड़िता का आरोप है कि उनकी जमीन का खाता संख्या-37, खेसरा संख्या-111 एवं खेसरा संख्या-113 दर्ज है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 का भूमि लगान (रसीद) भी नियमित रूप से कटा हुआ है।
इसके बावजूद कुल 62 डिसमिल जमीन में से 30 डिसमिल भूमि को लेकर विवाद बना हुआ है। चंद्रा देवी का कहना है कि कई बार अंचल कार्यालय सहित संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक मामले का कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका है।उन्होंने बताया कि वर्षों से न्याय की उम्मीद में सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिलता है। विवाद के कारण उन्हें अपनी जमीन का पूर्ण रूप से उपयोग करने में भी परेशानी हो रही है।
पीड़िता ने जिला प्रशासन एवं अंचल प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द विवाद का समाधान कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उन्हें न्याय के लिए उच्च अधिकारियों का दरवाजा खटखटाना पड़ेगा। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से इस मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।