पलासी प्रखंड के +2 उच्च विद्यालय डाला परिसर स्थित राजकीय डिग्री कॉलेज में नए शैक्षणिक सत्र का विधिवत शुभारंभ किया गया। बिहार सरकार द्वारा राज्य के 211 नए डिग्री कॉलेजों में एक साथ सत्र प्रारंभ करने के तहत आयोजित कार्यक्रम का वर्चुअल उद्घाटन भागलपुर के गोराडीह से मुख्यमंत्री ने किया। इसका सीधा प्रसारण कॉलेज परिसर में किया गया, जहां बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक, शिक्षक और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। 
पलासी (अररिया): पलासी प्रखंड के +2 उच्च विद्यालय डाला परिसर स्थित राजकीय डिग्री कॉलेज में सोमवार को नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। यह कार्यक्रम बिहार सरकार की उस पहल का हिस्सा था, जिसके तहत राज्य के 211 नए डिग्री कॉलेजों में एक साथ शैक्षणिक सत्र की शुरुआत की गई। कार्यक्रम का वर्चुअल उद्घाटन भागलपुर के गोराडीह से मुख्यमंत्री द्वारा किया गया, जिसका सीधा प्रसारण कॉलेज परिसर में बड़ी स्क्रीन के माध्यम से दिखाया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य मनोज सिंह ने की। उन्होंने कॉलेज की शैक्षणिक उपलब्धियों, संस्थान के विकास और भविष्य की योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराना कॉलेज की प्राथमिकता होगी। उन्होंने छात्रों से नियमित अध्ययन और अनुशासन बनाए रखने की अपील भी की।
अपर समाहर्ता नवनील कुमार ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के महत्व से अवगत कराया और कहा कि शिक्षा ही समाज और व्यक्ति के विकास का सबसे प्रभावी माध्यम है। जिला गुणवत्ता शिक्षा पदाधिकारी राजेश ठाकुर ने राज्य सरकार की शिक्षा संबंधी योजनाओं और नई शिक्षा नीति की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
प्रखंड विकास पदाधिकारी आदित्य प्रकाश ने छात्रों से नियमित कक्षाओं में भाग लेने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया। पंचायती राज पदाधिकारी अखिलेश कुमार ने कहा कि शिक्षा समाज को सशक्त बनाने का सबसे मजबूत आधार है। विधायक प्रतिनिधि इमरान सलीम ने कॉलेज के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया और क्षेत्र में उच्च शिक्षा के विस्तार को सकारात्मक पहल बताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अजहर मुर्शीद ने विद्यार्थियों से उच्च शिक्षा के अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। 20 सूत्री उपाध्यक्ष सदानंद मंडल ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि नए कॉलेजों के संचालन से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को घर के निकट उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। रामानंद साह ने कहा कि कॉलेज शुरू होने से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के छात्रों को विशेष लाभ मिलेगा। शाद आलम ने इसे पलासी क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया, जबकि मखमूर हयात ने विद्यार्थियों को अनुशासन और मेहनत का संदेश दिया।
प्रोफेसर अवनीश सुमन ने शिक्षा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। शिक्षक रीतेश यादव और अभिषेक भारती ने भी विद्यार्थियों को मेहनत, नियमित अध्ययन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी। मुखिया प्रभुनाथ बिश्वास ने ग्रामीण क्षेत्र में उच्च शिक्षा के विस्तार पर खुशी जताई। पंकज थनदार सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं में नए सत्र को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। अभिभावकों ने भी सरकार की इस पहल का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि कॉलेज के संचालन से क्षेत्र के युवाओं को बेहतर शैक्षणिक अवसर प्राप्त होंगे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने पलासी को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया। स्थानीय लोगों का मानना है कि यह पहल क्षेत्र में शिक्षा के विस्तार और सामाजिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।
पलासी (अररिया) से दिलीप बिश्वास की रिपोर्ट।