बैरगाछी चेक पोस्ट के पास मंगलवार को हुए सड़क हादसे में इलाज के लिए जा रहे एक पिता की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार बाइक की टक्कर के बाद दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने पिता को मृत घोषित कर दिया।
अररिया: जिले के बैरगाछी चेक पोस्ट के पास मंगलवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में महलगांव थाना क्षेत्र के चौकता गांव निवासी नबी हसन की मौत हो गई, जबकि उनका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार नबी हसन अपने बीमार बेटे को बाइक से इलाज के लिए अररिया सदर अस्पताल ले जा रहे थे। इसी दौरान बैरगाछी चेक पोस्ट के समीप तेज रफ्तार दूसरी बाइक ने उनकी बाइक में साइड से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद नबी हसन को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल बेटे का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही यातायात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
हादसे की जानकारी मिलने पर चौकता पंचायत के मुखिया रजी अहमद और पूर्व मुखिया सालिक अनवर सदर अस्पताल पहुंचे तथा परिजनों से मुलाकात कर शोक व्यक्त किया। उन्होंने बैरगाछी से जीरो माइल तक यातायात व्यवस्था में सुधार, नियमों का सख्ती से पालन कराने तथा मृतक के परिवार को सरकारी मुआवजा और आर्थिक सहायता देने की मांग की।
घटना के बाद चौकता गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।