अररिया जिले में शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहल के तहत “निःशुल्क ऑनलाइन क्लासेस 2026” कार्यक्रम का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ किया गया। +2 बालिका उच्च विद्यालय, अररिया परिसर में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्वाह्न 11 बजे सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार के नेतृत्व में शुरू किया गया, जिसका उद्देश्य जिले के छात्र-छात्राओं तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को डिजिटल माध्यम से पहुंचाना है।
अररिया: शिक्षा विभाग के अनुसार यह पहल विशेष रूप से उन विद्यार्थियों के लिए शुरू की गई है, जहां विषय-विशेष शिक्षकों की कमी है या जो किसी कारणवश नियमित रूप से विद्यालय नहीं पहुंच पाते हैं। इस व्यवस्था के माध्यम से छात्रों को विषय विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा तैयार चैप्टर-वाइज वीडियो लेक्चर, अध्ययन सामग्री और नोट्स उपलब्ध कराए जाएंगे। विभाग का मानना है कि यह पहल आर्थिक रूप से कमजोर और संसाधनों से वंचित विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से लाभकारी साबित होगी।
एक वर्ष में तैयार होगा डिजिटल स्टडी कंटेंट
कार्यक्रम के तहत आगामी एक वर्ष के भीतर कक्षा 9वीं, 10वीं, 11वीं एवं 12वीं के सभी विषयों के चैप्टर-वाइज ऑनलाइन लेक्चर तैयार किए जाएंगे। इन वीडियो को “Education Araria” यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया जाएगा। प्रत्येक वीडियो के साथ संबंधित अध्याय के नोट्स और अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि विद्यार्थी स्व-अध्ययन के जरिए अपनी पढ़ाई को बेहतर ढंग से जारी रख सकें।
उद्घाटन समारोह में शिक्षक और अधिकारी रहे मौजूद
उद्घाटन समारोह में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) राशीद नवाज, +2 बालिका उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक योगेश झा समेत कई शिक्षक और शिक्षा विभाग से जुड़े लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में निरंजन कुमार, विवेक कुमार, दानिश राजा, दारिश राजा, साएम कैसर, सोफिया शहबाज, नरसिंह नाथ मंडल और नूर अफशां सहित कई शिक्षकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। शिक्षा विभाग ने उम्मीद जताई कि यह कार्यक्रम जिले के हजारों विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध कराएगा और डिजिटल शिक्षा को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा।
