दिलीप बिश्पवास पलासी (अररिया)। दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को पलासी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीडीओ कुमार अनिकेत ने की। बैठक में प्रखंड स्तरीय अधिकारियों के साथ पंचायत प्रतिनिधियों एवं क्षेत्र के प्रबुद्ध लोगों ने भाग लिया। इस दौरान पूजा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने, सुरक्षा इंतजाम और सामाजिक सद्भाव कायम रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ कुमार अनिकेत ने कहा कि पूजा पंडालों एवं मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। साथ ही, पूजा समितियां स्वयंसेवकों (वॉलेंटियर्स) की तैनाती करें, ताकि व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि रात 10 बजे के बाद लाउडस्पीकर एवं डीजे बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
वहीं, थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने लोगों से सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाले भड़काऊ एवं सामाजिक सद्भाव को ठेस पहुंचाने वाले पोस्ट पर ध्यान नहीं देने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस तरह की कोई भी पोस्ट नजर आने पर तत्काल प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बैठक में पूजा समितियों के अध्यक्षों को पूजा पंडालों में बिजली की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आग से बचाव के लिए बालू सहित जरूरी अग्निशमन सामग्री उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने सभी लोगों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ दुर्गा पूजा मनाने की अपील की।
बैठक में सीओ अंशु कुमार सिंह, जिला परिषद सदस्य शब्बीर अहमद, मुखिया आदिल रजा, मुखिया रागिब उर्फ बबलू, पूर्व मुखिया हारून रशीद, जदयू प्रखंड अध्यक्ष मो. शमीम, भाजपा मंडल अध्यक्ष रामानंद साह, राजद नेता श्याम लाल साह, चेयरमैन हजारी प्रसाद मंडल सहित अन्य लोग उपस्थित थे।