पलासी के लिए ऐतिहासिक दिन, डाला गांव में राजकीय डिग्री कॉलेज का भव्य उद्घाटन हुआ। अब प्रखंड के हजारों छात्रों को स्नातक शिक्षा, खेलकूद और एनसीसी जैसी सुविधाओं का स्थानीय स्तर पर लाभ मिलेगा।
पलासी/अररिया। जिले के पलासी प्रखंड के लोगों के लिए शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। प्रखंड अंतर्गत डाला गांव स्थित मध्य सह माध्यमिक विद्यालय प्लस टू परिसर में राजकीय डिग्री कॉलेज का भव्य उद्घाटन समारोहपूर्वक किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि इरफान सलीम, प्रमुख प्रतिनिधि सदानंद यादव, मुखिया प्रभुनाथ विश्वास, मुखिया प्रतिनिधि जितेन्द्र मल्लिक तथा अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर कॉलेज का शुभारंभ किया।
उद्घाटन समारोह के दौरान कॉलेज के नवनियुक्त प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार सिंह का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने इस अवसर को पलासी क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि लंबे समय से क्षेत्र में डिग्री कॉलेज की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि स्थानीय विधायक मो. मुर्शीद आलम द्वारा विधानसभा में डिग्री कॉलेज की मांग उठाए जाने के बाद यह सपना साकार हुआ है।
विधायक प्रतिनिधि इरफान सलीम ने कहा कि क्षेत्र में उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध होना बड़ी उपलब्धि है और इससे छात्रों को काफी सहूलियत मिलेगी। प्रमुख प्रतिनिधि सदानंद यादव ने सरकार की सराहना करते हुए कहा कि कॉलेज शुरू होने से प्रखंड के छात्र-छात्राओं को सबसे अधिक लाभ मिलेगा और अब उन्हें स्नातक की पढ़ाई के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
मुखिया प्रतिनिधि जितेन्द्र मल्लिक ने कहा कि पंचायत के बच्चों को अब प्रारंभिक शिक्षा से लेकर स्नातक तक की पढ़ाई एक ही परिसर में करने का अवसर मिलेगा, जो क्षेत्र के शैक्षणिक विकास में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
एनसीसी, खेलकूद समेत अन्य सुविधाओं का मिलेगा लाभ
नवनियुक्त प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार सिंह ने कहा कि पलासी प्रखंड की 21 पंचायतों और करीब तीन लाख आबादी के छात्रों को अब स्नातक शिक्षा की सुविधा स्थानीय स्तर पर मिलेगी। उन्होंने बताया कि कॉलेज के माध्यम से छात्रों को एनसीसी, खेलकूद और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों का भी लाभ प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन प्लस टू विद्यालय के शिक्षक अभिषेक भारती ने किया। मौके पर प्रभारी प्रधानाध्यापक चिंता देवी, अशोक पासवान, नासीर उद्दीन, सोनू कुमार, शुभम कुमार, कुंदन कुमार, लखी प्रसाद, अनिल कुमार यादव, विजेंद्र प्रसाद मांझी, जय कुमार सहित कई लोग मौजूद रहे।
पलासी/अररिया से दिलीप बिश्वास की रिपोर्ट
