अररिया के नरपतगंज प्रखंड स्थित नवाबगंज अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति सामने आई है। ड्यूटी पर चिकित्सक के अनुपस्थित रहने और चतुर्थ वर्गीय कर्मियों द्वारा मरीजों का इलाज किए जाने के आरोपों से ग्रामीणों में नाराजगी है।
अररिया (नरपतगंज)। नवाबगंज पंचायत स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि अस्पताल में चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति नहीं रहती, जिससे मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता। आरोप यह भी है कि कई बार चतुर्थ वर्गीय कर्मी ही मरीजों का इलाज करते हैं।
मंगलवार दोपहर करीब एक बजे स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करने पर ड्यूटी पर कोई चिकित्सक मौजूद नहीं मिला। अस्पताल कर्मियों ने बताया कि सोमवार को डॉक्टर मनीषा कुमारी की ड्यूटी थी, लेकिन वह अस्पताल नहीं पहुंचीं। फोन पर संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि बुखार के कारण ड्यूटी पर नहीं आ सकीं। हालांकि उनकी अनुपस्थिति में किसी वैकल्पिक चिकित्सक की व्यवस्था नहीं की गई, जिससे मरीजों को परेशानी उठानी पड़ी।
जिला स्वास्थ्य पदाधिकारी कृष्ण कुमार कश्यप ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र की निगरानी की जिम्मेदारी प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दीपक कुमार की है। यदि चिकित्सक बिना अनुमति अनुपस्थित पाए जाते हैं तो जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पहले निरीक्षण के दौरान जल्द व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन कई सप्ताह बाद भी स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया। नियमित चिकित्सकीय सेवा नहीं मिलने से गरीब मरीजों को निजी क्लीनिकों का सहारा लेना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से अस्पताल की उच्चस्तरीय जांच, जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मियों पर कार्रवाई तथा नियमित चिकित्सकीय व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।