ऑल इंडिया प्राइवेट कोचिंग एसोसिएशन (आइपका) की आवश्यक बैठक फारबिसगंज स्थित रुंगटा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट के सभा कक्ष में आयोजित हुई। बैठक में आगामी राज्यस्तरीय प्रतिभा सम्मान सह शिक्षक सम्मान समारोह की तैयारियों की समीक्षा के साथ फारबिसगंज और नरपतगंज प्रखंड की नई कमेटियों का चुनाव संपन्न कराया गया। इस दौरान नवगठित कमेटी के पदाधिकारियों का स्वागत एवं सम्मान भी किया गया।
अररिया (फारबिसगंज): ऑल इंडिया प्राइवेट कोचिंग एसोसिएशन (आइपका) की आवश्यक बैठक स्थानीय रुंगटा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट के सभा कक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष राशिद जुनैद ने की। बैठक की शुरुआत फारबिसगंज में आयोजित होने वाले पांचवें राज्यस्तरीय प्रतिभा सम्मान सह शिक्षक सम्मान समारोह की तैयारियों एवं समीक्षा के साथ हुई। इस दौरान कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
इसके बाद फारबिसगंज एवं नरपतगंज प्रखंड कमेटियों के पुनर्गठन की प्रक्रिया सचिव सविता ठाकुर और रंजीत कुमार यादव की देखरेख में आपसी सहमति से चुनाव के माध्यम से पूरी की गई। चुनाव के बाद नई प्रखंड कमेटियों की घोषणा की गई।
फारबिसगंज प्रखंड कमेटी में अजय आनंद को अध्यक्ष, हिकमत शाह को सचिव, मो. निजामुद्दीन को कोषाध्यक्ष, एसपी सिंह, ऐहतशाम अंसारी एवं भूषण कुमार को उपाध्यक्ष, वसीम खान को संयुक्त सचिव, अब्दुल मोबिन को समन्वयक, एस.एस. प्रजापति को प्रवक्ता, राहुल राय को मीडिया प्रभारी तथा प्रहलाद कुमार को कार्यकारिणी सदस्य चुना गया।
वहीं नरपतगंज प्रखंड कमेटी में पिंटू झा को अध्यक्ष, कमरूल हक को सचिव, राजकुमार मेहता को कोषाध्यक्ष तथा तूफान कुमार यादव एवं गुरुदेव कुमार को प्रखंड उपाध्यक्ष चुना गया। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का माला पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष राशिद जुनैद ने बताया कि मार्च माह में राजस्थान के माउंट आबू में आयोजित आइपका की राष्ट्रीय बैठक में सभी स्तर की कमेटियों को भंग कर नई कमेटियों के गठन का निर्णय लिया गया था। उसी निर्णय के तहत फारबिसगंज एवं नरपतगंज प्रखंड कमेटियों का पुनर्गठन किया गया है।
सचिव सविता ठाकुर ने नवगठित कमेटी के सदस्यों को संगठन के नियमों एवं पदों की जिम्मेदारियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने प्रखंड के सभी कोचिंग संस्थानों को एक मंच पर लाने तथा निजी कोचिंग संस्थानों के विकास और समन्वय के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
बैठक में कोषाध्यक्ष रंजीत कुमार यादव ने बताया कि पांचवें राज्यस्तरीय प्रतिभा सम्मान सह शिक्षक सम्मान समारोह के लिए मैट्रिक, इंटरमीडिएट, खेल, कला, कंप्यूटर सहित विभिन्न क्षेत्रों के मेधावी छात्र-छात्राएं अपने कोचिंग संस्थान के निदेशक अथवा शिक्षक के माध्यम से 17 जुलाई तक पंजीकरण करा सकते हैं। बैठक का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।