विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ ने संगठनात्मक फेरबदल करते हुए राम जन्मभूमि आंदोलन के कारसेवक रहे अभिजीत दत्ता (बेनू दा) को पूर्णिया जिला कार्यकारिणी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। राष्ट्रीय कार्यालय में आयोजित बैठक में यह निर्णय लिया गया, जहां संगठन के राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय पदाधिकारियों की मौजूदगी में उन्हें नई जिम्मेदारी प्रदान की गई।
पूर्णिया। विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय कार्यालय, नया टोला, पानी टंकी रोड, लाइन बाजार में आयोजित संगठनात्मक बैठक में अभिजीत दत्ता (बेनू दा) को पूर्णिया जिला कार्यकारिणी अध्यक्ष नियुक्त किया गया। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने की, जबकि सीमांचल अध्यक्ष दिलीप कुमार दीपक प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
बैठक में बताया गया कि पूर्व जिला अध्यक्ष विजय कुमार को संगठन को पर्याप्त समय नहीं दे पाने के कारण पहले ही दायित्वमुक्त कर दिया गया था। इसके बाद संगठन ने विचार-विमर्श कर अभिजीत दत्ता को नई जिम्मेदारी सौंपने का निर्णय लिया। नियुक्ति के दौरान उन्हें भगवा अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया और नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने कहा कि अभिजीत दत्ता लंबे समय से सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। उन्होंने बताया कि अभिजीत दत्ता राम जन्मभूमि आंदोलन के कारसेवक भी रहे हैं। संगठन के अनुसार, उनके अनुभव और सक्रियता को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में पूर्णिया जिले में संगठन की गतिविधियों को और मजबूती मिलेगी तथा सामाजिक, धार्मिक और मानव सेवा से जुड़े कार्यक्रमों को गति मिलेगी।
सीमांचल अध्यक्ष दिलीप कुमार दीपक ने कहा कि संगठन हमेशा सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अभिजीत दत्ता संगठन की विचारधारा और कार्यक्रमों को जिले के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे तथा संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करेंगे।
नवनियुक्त जिला कार्यकारिणी अध्यक्ष अभिजीत दत्ता ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में राष्ट्रीय मंत्री खगेश कुमार, राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी राकेश सिंह, राष्ट्रीय आईटी सेल प्रभारी नीतीश कुमार, विक्की गोस्वामी, महिला मोर्चा जिला मंत्री प्रिया कुमारी, नगर अध्यक्ष अमरेंद्र भगत, नगर मंत्री काजल गुप्ता, पूजा कुमारी, वार्ड 24 के वार्ड अध्यक्ष ऋतिक कुमार, नीरज कुमार, संतोष पासवान सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी ने अभिजीत दत्ता को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और सफल कार्यकाल की कामना की।