अररिया नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 16 स्थित कोशी कॉलोनी में एसपी गेट से एसपी आवास तक कराए जा रहे नाला निर्माण को लेकर स्थानीय स्तर पर कई सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि जिस नाले का निर्माण किया जा रहा है, उसकी जल निकासी की स्पष्ट व्यवस्था दिखाई नहीं दे रही है। इसे लेकर सरकारी राशि के उपयोग और भविष्य में जलजमाव की आशंका पर भी चर्चा तेज हो गई है।
निकासी नहीं, फिर किस उद्देश्य से बन रहा नाला?
अररिया नगर परिषद के वार्ड संख्या 16 स्थित कोशी कॉलोनी में एसपी गेट से एसपी आवास तक नाला निर्माण कार्य जारी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ समय पहले कोशी कॉलोनी से एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) को लेकर विवाद उत्पन्न होने के बाद निर्माण कार्य रोक दिया गया था। बताया जा रहा है कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब दोबारा निर्माण कार्य शुरू कराया गया है।
हालांकि, इलाके के कई लोगों का कहना है कि जिस नाले का निर्माण किया जा रहा है, उसकी निकासी का कोई स्पष्ट रास्ता फिलहाल नजर नहीं आता। नाम नहीं छापने की शर्त पर कई स्थानीय लोगों ने दावा किया कि यदि नाले का पानी बाहर नहीं निकल पाया तो उसमें लंबे समय तक पानी जमा रहेगा। उनका कहना है कि इससे दुर्गंध फैलने और मच्छरों के प्रकोप के साथ संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
जूनियर इंजीनियर विकास कुमार ने बताया की
इस संबंध में निर्माण स्थल पर मौजूद संवेदक के मुंशी से जानकारी ली गई। उनके अनुसार, कार्य के संवेदक अररिया नगर परिषद के जूनियर इंजीनियर विकास कुमार हैं।
जब जूनियर इंजीनियर विकास कुमार से नाले की निकासी व्यवस्था को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने बताया कि भविष्य में इस नाले को सर्विस लेन के माध्यम से स्टेट हाईवे के नाले से जोड़ा जाएगा।
हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि स्टेट हाईवे के नाले का पानी भी इसी नाले में आने लगा तो बरसात के दौरान जलभराव की स्थिति और गंभीर हो सकती है। उनका मानना है कि इससे नई समस्याएं उत्पन्न होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
सरकारी राशि के उपयोग पर भी उठ रहे सवाल
इलाके के कुछ लोगों का आरोप है कि बिना स्पष्ट निकासी व्यवस्था के नाला निर्माण कराया जाना सरकारी धन के उचित उपयोग पर प्रश्न खड़े करता है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि निर्माण कार्य की तकनीकी और प्रशासनिक समीक्षा कराई जानी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।