पार्किंग स्टैंड व पे-एंड-यूज़ शौचालयों की नीलामी से आय में बढ़ोतरी, विशेष ट्रेन संचालन से यात्रियों को भी राहत 
सोनपुर। भारतीय रेल के राजस्व को बढ़ाने और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में सोनपुर मंडल ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। मंडल द्वारा आयोजित पारदर्शी नीलामी प्रक्रिया के तहत कई रेलवे स्टेशनों पर पार्किंग स्टैंड और पे-एंड-यूज़ शौचालयों की निविदाओं का सफल आवंटन किया गया है। इस प्रक्रिया से रेलवे के गैर-किराया राजस्व में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
मंडल प्रशासन के अनुसार देसरी, बछवाड़ा और दलसिंहसराय स्टेशनों के पार्किंग स्टैंड की निविदाएं वार्षिक बोली के आधार पर आवंटित की गई हैं। देसरी स्टेशन पार्किंग स्टैंड की बोली 53,001 रुपये, बछवाड़ा सर्कुलेटिंग एरिया पार्किंग स्टैंड की बोली 11,65,111 रुपये तथा दलसिंहसराय सर्कुलेटिंग एरिया पार्किंग स्टैंड की बोली 11,92,222 रुपये तय की गई है। इन तीनों यूनिट्स से तीन वर्षों की अवधि में जीएसटी सहित कुल अनुबंध मूल्य लगभग 85,32,582 रुपये प्राप्त होगा।
वित्तीय वर्ष में 5.39 करोड़ की आय
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक चालू वित्तीय वर्ष में अब तक पार्किंग स्टैंड से 5 करोड़ 39 लाख रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हो चुका है। यह उपलब्धि प्रभावी राजस्व प्रबंधन और पारदर्शी नीलामी प्रणाली का परिणाम मानी जा रही है।
मंडल प्रशासन का कहना है कि इस तरह की नीलामी से रेलवे के आर्थिक आधार को मजबूती मिलती है। साथ ही स्टेशनों पर सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था और स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध होने से यात्रियों को बेहतर अनुभव भी मिलता है। आने वाले समय में भी ऐसी पहलों के जरिए रेलवे को आत्मनिर्भर और यात्री-हितैषी बनाने की दिशा में प्रयास जारी रहेंगे।
काठगोदाम-ठाकुरनगर के बीच चलेगी विशेष ट्रेन
इसी क्रम में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए छपरा-बरौनी-कटिहार मार्ग से काठगोदाम और ठाकुरनगर के बीच विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा की गई है। ट्रेन संख्या 05030 काठगोदाम-ठाकुरनगर स्पेशल 15 मार्च 2026 को काठगोदाम से सुबह 10 बजे रवाना होकर अगले दिन 2:05 बजे छपरा, 5:15 बजे बरौनी और 8:45 बजे कटिहार सहित अन्य स्टेशनों पर रुकते हुए शाम 8:40 बजे ठाकुरनगर पहुंचेगी।
वापसी में 05029 ठाकुरनगर-काठगोदाम स्पेशल 18 मार्च 2026 को सुबह 10:20 बजे ठाकुरनगर से खुलेगी। यह ट्रेन उसी दिन रात 10:20 बजे कटिहार, अगले दिन 1:15 बजे बरौनी और 5:15 बजे छपरा होते हुए रात 11:30 बजे काठगोदाम पहुंचेगी। इस विशेष ट्रेन के संचालन से यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में अतिरिक्त सुविधा मिलने की उम्मीद है।
