राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार के लिए जागरूकता रथ रवाना

व्यवहार न्यायालय अररिया में 14 मार्च को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन, लोगों को जागरूक करने के लिए प्रचार रथ रवाना कर किया गया व्यापक प्रचार-प्रसार।

अररिया।
जिले में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को जागरूकता रथ को व्यवहार न्यायालय परिसर से रवाना किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार अररिया गुंजन पांडे ने हरी झंडी दिखाकर प्रचार वाहनों को रवाना किया।

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार, नई दिल्ली तथा बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देश पर 14 मार्च 2026 को सुबह 10 बजे से व्यवहार न्यायालय, अररिया परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर आम लोगों तक जानकारी पहुंचाने और अधिक से अधिक मामलों के निपटारे के लिए जागरूकता प्रचार अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में मंगलवार को दोपहर 1:35 बजे व्यवहार न्यायालय परिसर से प्रचार गाड़ियों को रवाना किया गया। इन वाहनों के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को लोक अदालत के महत्व, इसके माध्यम से त्वरित और सुलभ न्याय तथा समझौते के आधार पर मामलों के निपटारे के बारे में जागरूक किया जाएगा।

राष्ट्रीय लोक अदालत में कई प्रकार के मामलों का निपटारा किया जाएगा। इनमें सुलहनीय आपराधिक वाद, एनआई एक्ट की धारा 138 से जुड़े मामले, बैंक वसूली वाद, मोटर दुर्घटना दावा वाद, समझौता योग्य यातायात चालान, श्रम विवाद, बिजली-पानी बिल से जुड़े विवाद, पारिवारिक विवाद (तलाक को छोड़कर), भूमि अधिग्रहण मामले, सेवा एवं पेंशन से जुड़े मामले, उपभोक्ता वाद, बौद्धिक संपदा अधिकार वाद सहित अन्य दीवानी मामलों का समाधान किया जाएगा।

इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव रोहित श्रीवास्तव, सीजेएम अमरेंद्र प्रसाद, न्यायाधीश संतोष कुमार गुप्ता, न्यायाधीश शेफाली नारायण तथा विभिन्न बैंकों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

लोक अदालत से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार, अररिया कार्यालय में किसी भी कार्य दिवस पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर 15100 और फोन नंबर 06453-291278 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *