पुलिस को देखकर दो बोरा शराब छोड़कर फरार हुए तस्कर, तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
दिलीप बिश्वास पलासी अररिया ,थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने 81 लीटर नेपाली शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके पर पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की है। हालांकि, पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल सवार दो तस्कर अंधेरे और पानी का फायदा उठाकर फरार हो गए।
रविवार की रात करीब 10:30 बजे पलासी थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सिकटी थाना क्षेत्र के सिंगहिया वार्ड- संख्या तीन निवासी नौसाद और पड़रिया निवासी गुलाम अली पल्सर मोटरसाइकिल से दो हरे रंग के बोरे में नेपाली शराब लेकर कनखुदिया निवासी सुशील कुमार यादव उर्फ गुलटेन को देने जा रहे हैं।सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार को अवगत कराते हुए पुलिस टीम ने कनखुदिया चौक से गंगझाली गांव की ओर जाने वाली सड़क पर कचना के समीप घेराबंदी की। इसी दौरान पुलिस को एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। मोटरसाइकिल पर दो हरे रंग के बोरे लदे थे। पुलिस की घेराबंदी देखकर दोनों व्यक्ति मोटरसाइकिल छोड़कर भागने लगे। पुलिस बल ने उनका पीछा किया, लेकिन वे अंधेरे और पानी का फायदा उठाकर फरार हो गए।इसके बाद पुलिस ने मोटरसाइकिल और दोनों बोरों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक बोरे से 130 बोतल तथा दूसरे बोरे से 140 बोतल रेशम लीची नेपाली शराब बरामद हुई। प्रत्येक बोतल 300 एमएल की थी। इस तरह कुल 270 बोतल में 81 लीटर नेपाली शराब बरामद की गई। पुलिस ने बीआर 38 टी 2076 नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली।इस मामले में पुलिस ने नौसाद, गुलाम अली, सुशील कुमार यादव उर्फ गुलटेन तथा मोटरसाइकिल के वाहन स्वामी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की है। थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
