ऑल इंडिया प्राइवेट कोचिंग एसोसिएशन (आईपका) का पांचवां राज्यस्तरीय प्रतिभा सम्मान सह शिक्षक सम्मान समारोह फारबिसगंज स्थित रुंगटा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (आरआईटीएम) परिसर में आयोजित किया गया। समारोह में बिहार के 10 जिलों से आए 120 से अधिक चयनित मेधावी छात्र-छात्राओं और उन्हें मार्गदर्शन देने वाले शिक्षकों को मेडल, मेमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, प्रशासन, सामाजिक संगठनों और निजी शिक्षण संस्थानों से जुड़े कई प्रतिनिधि मौजूद रहे।
अररिया/फारबिसगंज। ऑल इंडिया प्राइवेट कोचिंग एसोसिएशन (आईपका) का पांचवां राज्यस्तरीय प्रतिभा सम्मान सह शिक्षक सम्मान समारोह रुंगटा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (आरआईटीएम), फारबिसगंज के प्रांगण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष राशिद जुनैद ने की। समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
समारोह में डीएसपी (मुख्यालय) संतोष कुमार पोद्दार, नगर परिषद अध्यक्ष बीना देवी, फारबिसगंज थाना अध्यक्ष मनोज कुमार, प्राइवेट स्कूल एंड चिल्ड्रन वेलफेयर एसोसिएशन के कोसी प्रमंडलीय एवं मधेपुरा जिला अध्यक्ष किशोर कुमार, अररिया जिला अध्यक्ष कुमार अनूप, जिला महासचिव खुर्शीद खान, जिला कार्यकारी अध्यक्ष अजीत सिन्हा, भारत स्काउट एवं गाइड के जिला संगठन आयुक्त बैजनाथ प्रसाद साह, समाजसेवी वाहिद अंसारी, शाहजहां शाद, रमेश सिंह, इजहार अंसारी, विजय प्रकाश उर्फ प्रिंस बजाज, आदर्श गोयल, विशाल गोलछा, मधुबनी मदरसा के प्राचार्य मुफ्ती अंसार कासमी तथा पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष गुंजन सिंह सहित अन्य अतिथियों ने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को मेडल, मेमेंटो और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए सचिव सविता ठाकुर ने बताया कि इस वर्ष राज्य के 10 जिलों के 120 से अधिक कोचिंग संस्थानों से चयनित मेधावी छात्र-छात्राओं ने समारोह में भाग लिया। इन विद्यार्थियों का चयन मैट्रिक, इंटरमीडिएट, कला, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों, कंप्यूटर शिक्षा तथा अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया।
कोषाध्यक्ष रणजीत कुमार यादव ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता के पीछे शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसी उद्देश्य से इस वर्ष मेधावी विद्यार्थियों के साथ उन शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने उनके मार्गदर्शन में उल्लेखनीय योगदान दिया है। इससे शिक्षकों का मनोबल बढ़ेगा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को प्रोत्साहन मिलेगा।
अपने संबोधन में डीएसपी (मुख्यालय) संतोष कुमार पोद्दार ने कहा कि छात्र, शिक्षक और प्रशासनिक अधिकारी के रूप में मिले अनुभवों से यह स्पष्ट होता है कि समाज निर्माण में शिक्षक की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सफल व्यक्ति के जीवन में किसी न किसी शिक्षक का महत्वपूर्ण योगदान रहता है। उन्होंने शिक्षकों से शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों में नैतिक, सामाजिक और राष्ट्रहित से जुड़े मूल्यों का विकास करने पर भी बल दिया।
नगर परिषद अध्यक्ष बीना देवी ने कहा कि फारबिसगंज में लगातार पांचवीं बार राज्यस्तरीय सम्मान समारोह का आयोजन होना क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि दूर-दराज के जिलों से आने वाले मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान करना पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक अवसर है।
प्राइवेट स्कूल एंड चिल्ड्रन वेलफेयर एसोसिएशन के अररिया जिला अध्यक्ष कुमार अनूप ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मंच प्रदान करने का यह प्रयास शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने वाला साबित होगा। वहीं आरआईटीएम के निदेशक बी.एन. झा ने विद्यार्थियों को शिक्षा के मूल उद्देश्य, तकनीकी शिक्षा तथा मैनेजमेंट से जुड़े भविष्य के अवसरों की जानकारी दी। उपनिदेशक एस.बी. कुमार और प्राचार्य डॉ. राशिद हुसैन ने भी विद्यार्थियों को करियर और उच्च शिक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सचिव सविता ठाकुर, कोषाध्यक्ष रणजीत कुमार यादव सहित संजय मेहता, अजय आनंद, बेलाल अहमद, पिंटू झा, हिकमत शाह, वसीम रजा, मो. निजामुद्दीन, एस.पी. सिंह, ओमप्रकाश राय, शमी अहमद, भूषण कुमार, वसीम खान, अब्दुल मोबिन, एस.एस. प्रजापति, राहुल राय, आदिल जुनैद, प्रहलाद कुमार, ऐहतशाम अंसारी, कमरूल हक, राजकुमार मेहता, तूफान कुमार यादव, गुरुदेव कुमार सहित अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही। मंच संचालन हिकमत शाह, उत्कर्ष पाठक, शाहिद अंसारी और कृष्णा मेहरा ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
अररिया/फारबिसगंज से राजीव सिंह की रिपोर्ट।