पंचायत स्तर पर सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से बरदबट्टा पंचायत भवन में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं एवं आवेदन प्रस्तुत किए। अधिकारियों ने प्राप्त शिकायतों के शीघ्र निष्पादन का आश्वासन दिया।
पलासी (अररिया):पंचायत स्तर पर सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से बरदबट्टा पंचायत भवन में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं एवं आवेदन प्रस्तुत किए। अधिकारियों ने प्राप्त शिकायतों के शीघ्र निष्पादन का आश्वासन दिया। पलासी प्रखंड के बरदबट्टा पंचायत भवन में आयोजित सहयोग शिविर की अध्यक्षता बीडीओ आदित्य प्रकाश ने की। कार्यक्रम में जिला वरीय उप समाहर्ता सह प्रखंड प्रभारी पदाधिकारी एस प्रतीक, बीपीआरओ अखिलेश कुमार, अंचल पदाधिकारी सुशील कांत सिंह, आरओ विदिशा सिंह, पीओ मोहम्मद अख्तर आलम, थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार, एमओ कुमुद सिंह, बीएओ अनुराग विश्वास, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी प्रिंस कुमार, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी आशिष कुमार सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
शिविर में स्वास्थ्य, बिजली, कृषि, मनरेगा, मत्स्य, आयुष्मान भारत योजना, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री आवास योजना, थाना तथा आंगनबाड़ी सेवाओं से जुड़ी शिकायतों एवं आवेदनों के लिए अलग-अलग काउंटर लगाए गए थे। पूर्व से व्यापक प्रचार-प्रसार किए जाने के कारण बड़ी संख्या में ग्रामीण शिविर में पहुंचे।
शिकायतों के निष्पादन का दिया गया आश्वासन
वरीय उप समाहर्ता एस प्रतीक ने कहा कि शिविर में प्राप्त सभी शिकायतों का क्रमवार निष्पादन किया जाएगा तथा योजनाओं से वंचित पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक पंचायत में हर महीने के पहले और अंतिम मंगलवार को सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा।
बीडीओ आदित्य प्रकाश ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित लगभग 44 प्रकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ आम जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का शत-प्रतिशत और त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। अधिकारियों ने लोगों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और अपनी समस्याओं को शिविर के माध्यम से रखने की अपील की।
पलासी (अररिया) से दिलीप बिश्वास की रिपोर्ट।