आइपका का राष्ट्रीय सम्मेलन: संगठन विस्तार के साथ छातापुर के रंजीत यादव बने राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष

राजस्थान/फारबिसगंज।  राजस्थान के आबू रोड स्थित माधव यूनिवर्सिटी में ऑल इंडिया प्राइवेट कोचिंग एसोसिएशन (आइपका) का तीन दिवसीय प्रथम राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता संस्थापक राशिद जुनैद ने की, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान संगठन के विस्तार, संरचना और भविष्य की रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई।

सम्मेलन में सर्वसम्मति से छातापुर निवासी रंजीत यादव को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नामित किया गया। यह निर्णय संगठन के वित्तीय संचालन को मजबूत बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

संगठन विस्तार पर सहमति

बैठक में यह तय किया गया कि आइपका को हर राज्य में मजबूत किया जाएगा और इसके लिए राज्य समन्वयकों की नियुक्ति की जाएगी। प्रतिनिधियों ने एक स्वर में संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर और प्रभावी बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। सदस्य तारीक अनवर और रकीब आलम ने बताया कि सम्मेलन का समापन समारोह जयपुर में आयोजित किया गया, जहां विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर संगठनात्मक मजबूती का संकल्प लिया।

सम्मान और उद्देश्य पर जोर

सम्मेलन के दौरान फारबिसगंज और नरपतगंज के राहुल कुमार, रणजीत यादव और निर्मल झा को मुख्य अतिथि विपिन सोलंकी तथा विशिष्ट अतिथियों अंबिका बहल, आनंद श्रेय, रविंद्र कश्यप और लक्ष्मी तिवारी के हाथों सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष राशिद जुनैद ने बताया कि संगठन की नींव वर्ष 2019 में फारबिसगंज में रखी गई थी। इसका मुख्य उद्देश्य कोचिंग संचालकों को एक मंच पर लाकर उनके हितों की रक्षा करना और उन्हें सरकारी निबंधन दिलाना रहा है। उन्होंने कहा कि कोचिंग संचालकों की बढ़ती रुचि को देखते हुए संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर पंजीकृत किया गया।

सम्मेलन में डॉ राजकुमार राणा, डॉ भावेश कुमावत, डॉ अतुल, डॉ आदेशपाल प्रॉक्टर और डॉ महेंद्र परमार की भूमिका सराहनीय रही। इसके अलावा बीकॉम विभाग की जानवी ग्रुप सहित कई सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *