अररिया। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 817 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही हुंडई ग्रैंड आई-10 निओस कार और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। मामले में दो अन्य आरोपी फरार हो गए हैं, जिनकी पहचान कर पुलिस गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय, अररिया में 1 सितंबर 2026 को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने पूरे मामले की जानकारी दी।
एसपी ने बताया कि 31 अगस्त 2026 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सुपौल जिले के कुछ स्थानीय व्यक्ति हुंडई ग्रैंड आई-10 निओस कार, रजिस्ट्रेशन नंबर JH-01EY-4518 से स्मैक की खेप लेकर जोकीहाट की ओर जाने वाले हैं।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस पदाधिकारियों को जानकारी दी गई और एक विशेष टीम का गठन किया गया। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में बैरगाछी थाना क्षेत्र के अंतर्गत अजमानपुर खुशबू राइस मिल के समीप एनएच-327E के दक्षिणी लेन पर वाहन जांच अभियान चलाया गया।
इसी दौरान जोकीहाट की ओर से आ रही उजले रंग की संदिग्ध हुंडई कार को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखते ही कार में सवार तीन व्यक्ति वाहन से उतरकर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर एक युवक को कार के समीप ही पकड़ लिया, जबकि दो अन्य आरोपी फरार होने में सफल रहे।
गिरफ्तार युवक की पहचान मोहम्मद नौवेद खान, उम्र 20 वर्ष, पिता नौमन खान, निवासी तरही भवानीपुर वार्ड नंबर 02, थाना पिपड़ा, जिला सुपौल के रूप में हुई है।
मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में तलाशी के दौरान गिरफ्तार आरोपी के पास से एक जिपर पैकेट में 100 ग्राम स्मैक बरामद किया गया। वहीं कार के डैशबोर्ड की तलाशी में 717 ग्राम स्मैक मिला। इस प्रकार पुलिस ने कुल 817 ग्राम स्मैक बरामद किया।
पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ, कार और एक मोबाइल फोन को विधिवत जब्त कर लिया है। इस संबंध में बैरगाछी थाना कांड संख्या 113/26, दिनांक 31 अगस्त 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(C), 21(C), 25 और 29 में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार फरार दोनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही इस नशा तस्करी नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की भी जांच की जा रही है।
बरामदगी
- उजले रंग की HYUNDAI GRAND i10 NIOS कार, रजिस्ट्रेशन नंबर JH-01EY-4518
- कुल 817 ग्राम स्मैक
- एक मोबाइल फोन
गिरफ्तार आरोपी
मोहम्मद नौवेद खान, उम्र 20 वर्ष
पिता – नौमन खान
निवासी – तरही भवानीपुर, वार्ड नंबर 02
थाना – पिपड़ा
जिला – सुपौल
छापेमारी दल में शामिल पुलिसकर्मी
- पु०अ०नि० ज्वाला प्रसाद
- स०अ०नि० संतोष कुमार सिंह
- पी०टी०सी० 970 गोविंद खेजवार
- सि० 856 अंकित कुमार
- सि० 85 राम प्रसाद पासवान
- गृह रक्षक 10298 रामेश्वर मंडल
- गृह रक्षक 400575 मिश्री लाल मंडल
नशे की खेप बड़ी थी, लेकिन पुलिस की चौकसी उससे भी बड़ी साबित हुई। अब जांच का अगला निशाना उस पूरे नेटवर्क तक पहुंचना है, जिसके जरिए स्मैक की यह खेप एक जिले से दूसरे जिले तक पहुंचाई जा रही थी।